ज्वालामुखी, धर्मशाला—अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदुत्व के एजेंडे व मंथन का शनिवार को ज्वालाजी में आगाज हो गया। प्रवीण तोगडि़या सहित आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी भी इस बैठक में शिरकत कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाली चर्चा के कारण इस महत्त्वपूर्ण बैठक पर देश भर की एजेसियां भी पूरी नजरें गड़ाए हुए हैं। बैठक में होने वाली चर्चा से लेकर विहिप की हर योजना का बारीकी से अध्ययन किया जा रहा है। देश में मोदी सरकार बनने के बाद इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय मार्ग दर्शक मंडल व प्रबंध समिति की छह दिवसीय बैठक का शुभारंभ विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण तोगडि़या ने किया। शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय मार्ग दर्शक मंडल की टोली सहित विहिप की केंद्रीय टोली सहित देश भर के 600 विहिप अधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सत्र में देश में चल रही अनेक समस्याओं जैसे धर्मांतरण, गौवंश हत्या, श्रीराम जन्मभूमि, धारा 370, समान नागरिक संहिता, अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद सहित अन्य हिंदू धर्म व संस्कृति की रक्षा आदि विषयों पर गंभीर चिंतन व कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। विहिप के प्रांत संगठन मंत्री मनोज कुमार ने बताया कि 22 जून को प्रदेश की विभिन्न राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विभूतियों को परिषद की ओर से सम्मानित किया जाएगा, जिसमें शहीदों सहित संगीत, खेल जगत की विभूतियां भी शामिल होंगी। इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री चंपत राय, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय बौद्धिक प्रमुख भागइया, संगठन मंत्री दिनेश चंद, महावीर, राघवल्लूजी व श्याम गुप्त, विदेश विभाग के कार्याध्यक्ष अशोक चौगुले सहित प्रदेश के कार्याध्यक्ष विष्णु दत्त, अध्यक्ष सुदेश कुमार, प्रदेश दुर्गा वाहिनी प्रमुख रजनी ठुकराल, गौरक्षा प्रमुख राम ऋषि भारद्वाज, मातृशक्ति प्रमुख विमला अंगिरस, राजेश शर्मा सहित बजरंग दल के कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।
from Divya Himachal
No comments:
Post a Comment