बिलासपुर – राहुल गांधी अपने 28 मिनट के भाषण में आगामी पांच साल के लिए देश के लिए तय नए संकल्प बता गए, वहीं भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर भी कड़े प्रहार कर गए। राहुल ने अधिकतर समय में गरीब व मजदूरों पर ही अपना फोकस रखा और घोषणा पत्र में शामिल भावी योजनाओं का उल्लेख कर गए। 12ः32 पर राहुल ने अपने भाषण की शुरुआत में कहा कि इस लोकसभा चुनाव में सच्चाई व असत्य के बीच लड़ाई है और दो विचारधाराओं के मध्य मुकाबला है। उन्होंने मोदी पर प्रहार करते हुए कहा कि आरएसएस की विचारधारा के लोग कहते कुछ हैं और करते कुछ और। महिलाओं के हितैषी कहलाते हैं, लेकिन महिलाओं के खिलाफ ही बयान देते हैं। राहुल गांधी ने स्पष्ट रूप में कहा कि कांग्रेस ने दस सालों में 15 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला है और आगामी पांच सालों में 70 करोड़ लोगों का भविष्य संवारने का संकल्प लिया है। गरीब व मजदूरों का निःशुल्क उपचार दवा व आपरेशन सुविधा देने के साथ हर गरीब व मजदूर को छत दिलाने के अलावा हर बुजुर्ग को पेंशन देने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने मोदी पर प्रहार करते हुए कहा कि गुजरात में एक व्यक्ति को गरीबों की बेशकीमती दस हजार करोड़ की जमीन दे डाली, जबकि शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आठ हजार करोड़ बजट खर्च करने का प्रावधान है तो फिर गुजरात विकास मॉडल की बातें कहकर मोदी जनता को गुमराह क्यों कर रहे हैं। उन्होंने हिमाचल में भाजपा सरकार के कार्यकाल में जमीनी सौदों पर भी वार किया और कहा कि धूमल ने तो अपने बेटे को एक रुपए की लीज पर 250 करोड़ की जमीन दे डाली। राहुल गांधी हाल ही में लागू की गई पूर्व सैनिकों की मांग वन रैंक-वन पेंशन की अधिसूचना किए जाने की सोनिया व मनमोहन सिंह की दरियादिली का भी जनता को एहसास करवा गए।
from Divya Himachal
No comments:
Post a Comment