कुल्लू — देश भर में मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह के बीच कुल्लू के कई निजी बस आपरेटरों ने मतदाताओं को जागरूक करने के मकसद से यात्री किराए में 30 फीसदी विशेष छूट की घोषणा कर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। स्पेशल डिस्काउंट बारे बाकायदा निजी बसों में पोस्टर लगाए गए हैं। वहीं बड़ी राहत की बात यह है कि प्रदेश के कबायली वोटरों को बर्फ की कैद से मुक्ति दिलाने के लिए सीमा सड़क संगठन के जवानों ने मनाली और लाहुल दोनों ही तरफ से गुरुवार को 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा पर लंगर डाल लिया है। यहां रात की शिफ्ट में भी बीआरओ के डोजर और स्नो कटर काम करेंगे। लाहुल प्रशासन का दावा है कि मौसम के साथ देने पर अगले 24 से 36 घंटों के अंदर रोहतांग दर्रा को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा। ऐसे में घाटी से बाहर चल रहे लोग भी अपने पोलिंग बूथों पर पहुंचकर वोट डाल सकेंगे। गुरुवार को लाहुल प्रशासन के निर्देश पर एचआरटीसी ने लाहुल की तरफ से राक्षसीढांक से आगे तक बस चलाते हुए रोड की जांच परख की गई है। बीआरओ 70 आरसीसी के ओसी मेजर एसके एंथोनी के मुताबिक हम रोहतांग दर्रा पर पहुंच चुके हैं और रात की शिफ्टों में भी काम करते हुए संभवतः तीन मई तक रोहतांग दर्रा को ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा। लाहुल के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वीर सिंह ठाकुर कहते हैं कि पूर्व में रोहतांग दर्रा छोटे वाहनों के लिए ही पहले खुलता आया है, लेकिन इस बार मतदान को देखते हुए प्रशासन ने अपना पूरा ध्यान इस ओर केंद्रित कर रखा था कि पहले प्रयास में ही बड़े वाहनों के लिए रोहतांग दर्रा को बहाल कराया जा सके। इस अभियान में बीआरओ और प्र्रशासन को सफलता मिलने जा रही है। बता दें कि रोहतांग दर्रा बंद रहने के चलते लाहुल – स्पीति हलके के लाहुल तथा पांगी भरमौर हलके में चुनावी सरगर्मियां अभी तक ठंडी ही चल रही हैं। इस बात की पूरी संभावना दिख रही है कि रोहतांग दर्रा बहाल होने पर घाटी का सियासी पारा एकाएक उछाल खा लेगा।
from Divya Himachal
No comments:
Post a Comment