Show your support

Sunday, May 4, 2014

विकास ही कांग्रेस का लक्ष्य

newsचंबा, बनीखेत — कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से विकास पर ही अपना ध्यान केंद्रित किया है तथा हर क्षेत्र का समान विकास करवाया है। यह बात मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पत्रकार वार्ता में कही। जिला विपणन बोर्ड के अध्यक्ष नीरज नैयर के निवास स्थान पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बिलासपुर तथा सोलन में हुई रैली शानदार रही है तथा पूरा माहौल कांग्रेस के हक में है। मोदी लहर मात्र चैनलों पर ही है तथा 16 मई को यह लहर गायब हो जाएगी। उन्होंने कहा कि होली-चामुंडा प्रस्तावित सुरंग के बन जाने से शिमला का फासला तो कम होगा ही साथ ही समय की भी बचत होगी। इसके अलावा जनजातीय क्षेत्र 12 महीने सड़क सुविधा से जुड़ा रहेगा। उन्होंने चंबा मुख्यालय में बनने वाले बस अड्डे के बारे में कहा कि इसके कार्य में देरी क्यों हो रही है, चुनावों के बाद समीक्षा की जाएगी। अगर निर्माण कार्य में कोई अड़चन आ रही हो तो उसे दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी वर्कशॉप जल्द स्थानंतरित होनी चाहिए, ताकि बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू हो सके। प्रदेश सरकार चंबा के विकास के प्रति वचनबद्ध है। सिकरी धार सीमेंट प्लांट का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना में हो रही देरी के कारण जेपी कंपनी को सरकार द्वारा नोटिस भेजा गया है। कंपनी से पूछा गया है कि परियोजना शुरू न करने पर क्यों न उन पर कार्रवाई की जाए तथा परियोजना किसी दूसरी कंपनी को दी जाए। उन्होंने चंबा में मेडिकल कालेज देने पर केंद्र सरकार का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि अब जल्द ही शहर के नजदीक जगह का चयन कर मेडिकल कालेज का निर्माण करवाया जाएगा।






from Divya Himachal

No comments:

Post a Comment