Show your support

Saturday, August 8, 2026

हिमाचल में बारिश का कहर: 153 सड़कें बंद, बिजली-पानी की सेवाएं प्रभावित; किन्नौर कैलाश यात्रा दूसरे दिन भी स्थगित


शिमला, 8 अगस्त 2026: हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता के बीच कई इलाकों में भारी बारिश और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हुआ है। शनिवार शाम तक राज्य में भूस्खलन के कारण 153 सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं। इसके अलावा 92 बिजली ट्रांसफार्मर और 77 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। मंडी, शिमला और कुल्लू जिलों में सड़कें सबसे अधिक प्रभावित बताई गई हैं।

मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

दूसरे दिन भी स्थगित रही किन्नौर कैलाश यात्रा

खराब मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति को देखते हुए किन्नौर कैलाश यात्रा लगातार दूसरे दिन भी स्थगित रही। प्रशासन ने शनिवार को श्रद्धालुओं को तांगलिंग और गणेश बाग बेस कैंप से आगे जाने की अनुमति नहीं दी।

प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा की अंतिम तिथि 15 अगस्त तक बढ़ाने का फैसला किया है। यात्रा मार्ग पर आगे जाने की अनुमति परिस्थितियों की समीक्षा के बाद ही दी जाएगी।

गणेश गुफा और मलिंग खट्टा में तैनात टीम आसपास के नाले में जलस्तर तथा यात्रा मार्ग की स्थिति की निगरानी करेगी। प्रशासन के अनुसार, परिस्थितियां सुरक्षित पाए जाने पर रात करीब 11 बजे के बाद अगले चरण की यात्रा के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि अंतिम निर्णय की प्रतीक्षा करें और बिना अनुमति के आगे न बढ़ें। यात्रा संचालन समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम कल्पा प्रवीण भारद्वाज ने यात्रियों से सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

हिमाचल में मानसून से अब तक 152 लोगों की मौत

राज्य में 30 जून से 8 अगस्त तक जारी मानसून अवधि के दौरान 152 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि 240 लोग घायल हुए हैं। इनमें 86 मौतें सड़क हादसों में हुई हैं।

इस दौरान 22 पक्के और 41 कच्चे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि 248 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। 12 दुकानों और 210 गोशालाओं को भी नुकसान हुआ है। इस अवधि में 197 पालतू पशुओं की मौत की भी सूचना है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मानसून से अब तक प्रदेश में नुकसान का अनुमान ₹8,350.952 करोड़ तक पहुंच गया है।

14 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में 14 अगस्त तक बारिश जारी रहने की संभावना है।

10 अगस्त को कांगड़ा और सिरमौर में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि ऊना, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी और सोलन के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

11 अगस्त को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, शिमला और सोलन के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

शिमला में भी बारिश जारी

पिछले 24 घंटों में धर्मशाला में 48.1 मिमी, बजौरा में 31.5 मिमी, मनाली में 22 मिमी, मंडी के स्लापड़ में 21.8 मिमी, भुंतर में 21 मिमी और शिमला में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

लगातार बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों और यात्रियों को प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

No comments:

Post a Comment