कुल्लू — पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा है कि लोकसभा चुनावों में आयोग ने निष्पक्षता के साथ कार्य नहीं किया है। शिमला से उन्हें सूचना आई कि कांग्रेस के एक प्रमुख नेता के घर व कार्यालय से बैलेट पेपर के माध्यम से पुलिस कर्मियों के मतदान करवाए जा रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग के पास शराब व पैसे बांटने के मामले को लेकर शिकायत की थी, लेकिन चुनाव आयोग ने भी इन शिकायतों पर कोई गौर नहीं किया। कांग्रेस सरकार अपने नेताओं व अधिकारियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से बचाने में लगी हुई है और प्रदेश में ईमानदार अधिकारियों पर दबाव बनाकर कार्य करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में नरेंद्र मोदी की सरकार बनते ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपने को पूरा किया जाएगा। कुल्लू-मनाली होते हुए लेह तक रेलवे लाइन को बिछाया जाएगा, ताकि यहां के पर्यटन व सेना को सामान को पहुंचाने के लिए सुविधा मिल सके। प्रदेश में फिर से सीमेंट के दामों में बढ़ोतरी की गई है, जो यहां की जनता से धोखा है। उन्होंने कहा कि यह बढ़ोतरी कांग्रेस सरकार को फायदा देने के उद्देश्य से की गई है। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण शर्मा, अजय राणा, पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।
from Divya Himachal
No comments:
Post a Comment