संगड़ाह — समाजसेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण व विकास आदि क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली जिला सिरमौर की 20 विभूतियों को ब्राह्मण सभा संगड़ाह द्वारा शुक्रवार को भगवान परशुराम सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सुरेश वशिष्ठ संगड़ाह में प्रातः 11 बजे आयोजित होने वाले इस समारोह की अध्यक्षता करेंगे तथा विभूतियों को सम्मानित करेंगे। भगवान परशुराम सम्मान समारोह में अलंकृत होने वालों में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता पर्यावरण प्रेमी किंकरी देवी, स्वतंत्रता सैनानी हृदय राम पांथ, रमेश वर्मा, संतोष शर्मा व हेमंत शर्मा आदि को समाज सेवा के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। डा. जयवंती बख्शी, नीता राम, रामस्वरूप व महेंद्र सिंह आदि को स्वास्थ्य तथा प्रो. रूप कुमार व एचसी शर्मा को शिक्षा के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य के लिए भगवान परशुराम सम्मान से नवाजा जाएगा। बतौर एचएएस व एचपीएस अधिकारी श्रेष्ठ सेवाएं देने के लिए जिला के यशपाल शर्मा, केवल शर्मा व केआर भारद्वाज तथा पांडुलिपी व लोक संस्कृति संरक्षण के लिए पं. लायक राम शास्त्री व रिखी राम को सम्मानित किया जाएगा। सभा के महासचिव दिनेश शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के कुछ मेधावी छात्रों को भी सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। किंकरी देवी, हृदय राम व हेमंत शर्मा को मरणोपरांत पुरस्कृत किया जाएगा। भगवान परशुराम जयंती पर ब्राह्मण सभा व स्थानीय लोगों द्वारा गुरुवार को बस स्टैंड के समीप महायज्ञ करवाया गया, जिसमें क्षेत्र व देश में सुख-शांति तथा वाहन दुर्घटनाएं रोकने की कामना की गई। पंडित लायक राम शास्त्री द्वारा पूर्णाहुति के बाद भगवान परशुराम चरित्र तथा सनातन धर्म पर प्रवचन किए गए। उधर, वरिष्ठ आश्रम वायरी में आश्रम के संचालक दिनेश ताश, प्रो. ओम प्रकाश राही व हरिचंद आदि द्वारा श्री हरि परशुराम कथा का पाठ किया गया तथा भंडारे का आयोजन किया गया।
from Divya Himachal
No comments:
Post a Comment