शिमला — हिमाचल में जल्द ही वेयरहाउस खुलेंगे। स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों की सप्लाई के लिए ये गोदाम जिला स्तर पर खोले जा रहे हैं। इस बाबत स्वास्थ्य महकमा तैयारियों में जुट गया है। दवाइयों के इन गोदामों में 351 जेनेरिक दवाइयां और 502 फार्मूलेशन शामिल होंगे,जोकि मरीजों को मुफ्त में दी जाएगी। इसी को देखते हुए सिविल सप्लाई जल्द ही दवाइयों के टेंडर कर रही है। प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार अब नौ जिलों में दवाइयों के गोदाम खोलेगी। जहां से सभी स्वास्थ्य केंद्रों में जेनेरिक दवाइयों की सप्लाई होगी। पहले सरकार ने चार जगह शिमला, मंडी, परवाणू और नगरोटा में दवाइयों के गोदाम खोलने का निर्णय लिया था, लेकिन हाल ही में सरकार ने इसमें फेरबदल किया और प्रदेश के नौ जिलों में गोदाम खोलने का निर्णय लिया है। यही नहीं सिविल सप्लाई निगम ने अभी तक केवल 261 दवाइयों के टेंडर किए हैं, जबकि 91 दवाइयों के टेंडर जल्द करने की तैयारी है। इसी के मद्देनजर हाल ही में आला अधिकारियों की बैठक हुई है, जिसमें सभी अधिकारियों को इस बाबत तीन माह का समय दिया गया है। सरकार ने मरीजों को मुफ्त दवाइयों के लिए 30 करोड़ की राशि रखी है, जिससे ये दवाइयां खरीदी जाएंगी। इसके लिए सिरमौर,लाहुल-स्पीति और किन्नौर जिला में दवाइयों के गोदाम नहीं खुलेंगे,जबकि इन जिलों के आसपास खुले दवाइयों के गोदामों से दवाओं की सप्लाई होगी। उधर, वेयरहाउस में दवाओं की सप्लाई करने के लिए डाक्टर व फार्मासिस्ट मौजूद रहेंगे।
ऑनलाइन होंगे सभी वेयरहाउस
सरकार ने पारदर्शिता लाने के लिए सभी वेयरहाउस को ऑनलाइन करने का निर्णय लिया है, ताकि किसी भी तरह का गोलमाल इनमें न हो सके। साथ ही यहां पर आने वाली सभी दवाइयों की रिपोर्ट हर माह स्वास्थ्य विभाग को सौंपी जाएगी।
from Divya Himachal
No comments:
Post a Comment