Show your support

Friday, July 5, 2013

वैली ब्रिज बनने लगा तो सड़क दे गई जवाब


गोहर — बगस्याड़ में बादल फटने से क्षतिग्रस्त हुए वैली ब्रिज का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग के सफल प्रयासों से अंतिम चरण में पहुंच गया था कि बुधवार रात थुनाग व जंजैहली के मध्य करीब 30 मीटर सड़क बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। प्रकृति के इस कहर ने अब लोक निर्माण विभाग की सिरदर्दी और बढ़ा दी है। आसमान साफ होने के बावजूद टनों के हिसाब से आए मलबे ने यहां की करीब 30 मीटर सड़क को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त करके लोगों को और अधिक परेशानी में डाल दिया है। लोक निर्माण विभाग गोहर के एक्सईएन केके शर्मा ने गुरुवार को थुनाग व जंजैहली के मध्य क्षतिग्रस्त हुई सड़क की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वह तुरंत मौका पर जाकर क्षतिग्रस्त सड़क का जायजा लेकर इसे जल्द बहाल करने का प्रयास करेंगे। उधर, इसी सड़क के बगस्याड़ में बन रहे वैली ब्रिज का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पंहुच गया है। लोक निर्माण विभाग ने इस वैली ब्रिज का सिविल वर्क समाप्त करके अब मेकेनिक वर्क आरंभ कर दिया है, जो आगामी तीन-चार दिनों में पूर्ण होकर अवरुद्ध पड़े सराज क्षेत्र को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग गोहर के एक्सईएन केके शर्मा सहित उनके अधीनस्थ तमाम फील्ड स्टाफ ने इस पुल को जल्द तैयार करने के लिए दिन-रात एक किया हुआ है। श्री शर्मा ने बताया कि विभाग ने इस पुल को जल्द तैयार करने के लिए प्रयास और अधिक तेज कर दिए हैं। गौर हो कि बगस्याड़ पुल पिछले दिनों बादल फटने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे सराज क्षेत्र का संपर्क अन्य स्थानों से कटकर रह गया है। यहां तक कि क्षेत्र के सैकड़ों बागबानों को नकदी फसल सेब बाहर की मंडियों में पहुंचाना बेहद मुश्किल हो गया है। अब लोक निर्माण विभाग द्वारा युद्धस्तर पर किए जा रहे पुल के निर्माण कार्य को लेकर यहां के बागबानों में अब उमंग देखने को मिल ही रही थी। उतने में थुनाग व जंजैहली के मध्य बुधवार रात क्षतिग्रस्त हुई सड़क ने यहां के सैकड़ों बागबानों व आम लोगों को पुनः परेशानी में डाल दिया है। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन केके शर्मा का कहना है कि विभाग बुधवार रात क्षतिग्रस्त हुई सड़क को जल्द बहाल करने का प्रयास करेगा।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/sundernagar-mandi-news/%e0%a4%b5%e0%a5%88%e0%a4%b2%e0%a5%80-%e0%a4%ac%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%bf%e0%a4%9c-%e0%a4%ac%e0%a4%a8%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%b2%e0%a4%97%e0%a4%be-%e0%a4%a4%e0%a5%8b-%e0%a4%b8%e0%a4%a1%e0%a4%bc/

No comments:

Post a Comment