Show your support

Friday, July 5, 2013

नयनादेवी में नहीं बजेंगे ढोल-नगाड़े


नयनादेवी — शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में श्रावण अष्टमी मेले सात से 16 अगस्त तक आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी उपायुक्त बिलासपुर डा. अजय शर्मा ने गुरुवार को श्रीनयनादेवी में श्रावण अष्टमी मेले के प्रबंधों बारे बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि मेले के सफल आयोजन के लिए इस जिला के अधिकारियों व कर्मचारियों, सुरक्षा बलों तथा स्थानीय लोगों को अपनी ड्यूटी माता श्रीनयनादेवी जी के मंदिर में श्रद्धा भावना से करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था की दृष्टि से पूरे मेला क्षेत्र को नौ सेक्टरों में बांटा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी 200-250 श्रद्धालुओं के अलग-अलग जत्थे बनाकर पैदल रास्ते से भेजे जाएंगे।उन्होंने बताया कि मेले के दौरान ढोल-नगाड़ों तथा दुकानदारों द्वारा सीडी कैसेट बजाने वालों पर पूर्ण प्रतिबंध है। डा. शर्मा ने बताया कि मेले के दौरान एडीएम, एएसपी को मेला अधिकारी नियुक्त किया जाएगा तथा एसडीएम व उपमंडलस्तरीय पुलिस अधिकारी नयना देवी सहायक मेला अधिकारी होंगे। उपायुक्त ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नियुक्त समस्त विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों, पुलिस सुरक्षा बल, गृह रक्षक, सेवा दल के लोगों को सेक्टर वाइज निश्चित किए गए स्थानों पर नियुक्त किया जाएगा और पूर्व रिहर्सल करवाई जाएगी, ताकि मेले के दौरान संदेश देने व प्राप्त करने के लिए किसी भी श्रद्धालु को कठिनाई का सामना न करने पड़े और यदि कोई श्रद्धालु भीड़ के कारण अपनों से पिछड़ जाए, तो उसे आसानी से खोज कर उसके परिजनों या साथियों को सौंपने में आसानी हो सके। बैठक में इसके अतिरिक्त उन्होंने इन स्थानों के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर भी पार्किंग के स्थान तलाशने के भी संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। बैठक में कर्मचारियों के ठहरने व खाद्य पदार्थों, स्वास्थ्य- सेवा व सफाई-व्यवस्था, पानी तथा बिजली आपूर्ति नियमित बनाए रखने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/bilaspur-news/%e0%a4%a8%e0%a4%af%e0%a4%a8%e0%a4%be%e0%a4%a6%e0%a5%87%e0%a4%b5%e0%a5%80-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%a8%e0%a4%b9%e0%a5%80%e0%a4%82-%e0%a4%ac%e0%a4%9c%e0%a5%87%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%87/

No comments:

Post a Comment