चैलचौक —सराज घाटी के थुनाग क्षेत्र में आदमखोर तेंदुए को मार गिराने के लिए वन विभाग ने आठ और शार्प शूटर टेलिस्कोप गनों के साथ बुलाए हैं। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में संभावित ठिकानों पर सात ट्रैप कैमरे भी लगवा दिए गए हैं। तेंदुए को मार गिराने के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है, जिसमें डीएफओ वन विभाग पीडी डोगरा, डीएफओ वन्य प्राणी विंग सुमित भारद्वाज और वैटरिनरी आफिसर सुशील सूद को जिम्मेदारी दी गई हैं। बताते चलें कि थुनाग क्षेत्र के थाचा धार गांव और लंबा थाच के बनाली धार गांव में आमदखोर तेंदुए ने दो महिलाओं को अपना शिकार बनाते हुए मौत के घाट उतार दिया, वहीं क्षेत्र में आदमखोर तेंदुए ने अन्य लोगों पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया। क्षेत्र में ग्रामीण आदमखोर तेंदुए के नाम से ही डर के मारे थर-थर कांप रहे हैं। उधर, क्षेत्र के सहमे ग्रामीणों ने गुरुवार को थुनाग में चक्का जाम भी किया। इसके उपरांत वन विभाग ने लोगों को आदमखोर तेंदुए के खौफ से आजाद करवाने के लिए उसे मार गिराने के लिए आठ और शार्प शूटर टेलिस्कोप गनों के साथ बुलाए हैं। इसके साथ ही वन विभाग ने शुक्रवार को बहलीधार पंचायत और लंबा थाच पंचायत के तहत जंगलों में तीन और टै्रप कैमरे लगा दिए हैं, ताकि उक्त आदमखोर तेंदुए को जल्द से जल्द मार गिराया जा सके। उधर, डीएफओ नाचन वीके बाबू ने खबर की जानकारी देते हुए कहा कि तेंदुए को मार गिराने के लिए आठ और शार्प शूटर बुलाए गए हैं और शुक्रवार को तीन और टै्रप कैमरे भी क्षेत्र में लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आमदखोर तेंदुए को मार गिराया जाएगा।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/sundernagar-mandi-news/%e0%a4%b8%e0%a4%be%e0%a4%a4-%e0%a4%95%e0%a5%88%e0%a4%ae%e0%a4%b0%e0%a5%87-%e0%a4%86%e0%a4%a0-%e0%a4%b6%e0%a5%82%e0%a4%9f%e0%a4%b0-%e0%a4%a4%e0%a5%88%e0%a4%a8%e0%a4%be%e0%a4%a4/
Post a Comment