नकरोड़ — डेपुटेशन पर शिक्षक को भेजने के चलते तीसा क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल करमडी में पटरी से उतरी शैक्षणिक व्यवस्था पर उग्र अभिभावकों ने नौनिहालों को पाठशाला भेजने से इनकार कर दिया है, जिसके चलते शुक्रवार और शनिवार को इस पाठशाला में कक्षाएं नहीं लग पाई हैं। पता चला है कि साथ लगती अन्य पाठशाला में शिक्षक के न होने के चलते यहां तैनात दो शिक्षकों को बारी-बारी दस-दस दिनों के लिए डेपुटेशन पर भेजा जा रहा है। इस स्थिति में स्कूल में एक शिक्षक होने के चलते वह नियमित रूप से कक्षाओं को समय नहीं दे पा रहा है। स्कूल प्रबंधन समिति द्वारा इस बाबत कई मर्तबा शिक्षा विभाग को भी अवगत करवाया। बावजूद इसके अभी तक इस दिशा में कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पाई है। लिहाजा शिक्षा विभाग के इस रवैए से खफा अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन समिति ने नौनिहालों को स्कूल भेजने से भी इनकार कर दिया है। जानकारी के अनुसार प्राथमिक पाठशाला करमडी में मौजूदा समय में 38 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और यहां पर दो शिक्षकों की तैनाती की गई है। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष इंद्र सिंह ने बताया कि साथ लगती एक अन्य पाठशाला में कोई भी शिक्षक नहीं है, जिसके चलते शिक्षा विभाग ने यहां तैनात दो शिक्षकों को बारी-बारी यहां पर डेपुटेशन पर भेजने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि एक शिक्षक के स्कूल से जाने के चलते पीछे शैक्षणिक व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। अभिभावकों तारा चंद, रोशन लाल, पुन्नू राम, केशव, हेमदेई आदि का कहना है कि जब तक स्कूल में नियमित रूप से दो शिक्षक अपनी सेवाएं नहीं देते हैं, वे अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे। उधर, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुशील पुंडीर का कहना है कि मौजूदा समय में जिला के कई स्कूलों में शिक्षकों के पद रिक्त पडे़ हुए हैं। उनका कहना है कि इन पदों के भरते ही समस्या का हल कर दिया जाएगा।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/chamba-news/%e0%a4%95%e0%a4%b0%e0%a4%ae%e0%a4%be%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a5%80-%e0%a4%b8%e0%a5%8d%e0%a4%95%e0%a5%82%e0%a4%b2-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%aa%e0%a4%a2%e0%a4%bc%e0%a4%be%e0%a4%88-%e0%a4%ac/
No comments:
Post a Comment