Show your support

Tuesday, July 2, 2013

गोल्ड लोन घपले में बैंक को नोटिस


पालमपुर — पालमपुर में कार्यरत एक राष्ट्रीयकृत बैंक में गोल्ड लोन घोटाले मामले में पुलिस द्वारा बैंक से मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध न करवाने के चलते अब पुलिस ने बैंक को नोटिस जारी किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस जांच में जुटी है पर जांच के लिए मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध करवाने में बैंक नाकाम रहा है। गोल्ड लोन मामले में बैंक को करीब साठ लाख का चूना लगने की बात सामने आई थी। इस सारे मामले में सबसे पहले उस व्यक्ति का नाम सामने आया था, जिसे बैंक ने सोने का वैल्यूर बनाया था। सोने का काम करने वाले एक व्यक्ति ने एक जालसाज से मिलकर इस तरह की योजना बनाई, जिसमें घोटाले की भनक तक बैंक को नहीं लग सकी। उन्होंने लोगों को कुछ हजार रुपए का लालच दिया और उनके हाथ नकली सोना देकर बैंक भेज दिया। इस सुनार ने उस सोने की वैल्यू करनी होती थी, वह सुनार उस सोने को असली बताकर लोगों को बैंक से लोन दिलवाकर लोन की रकम अपने पास रख लेते थे। ये लोग आवेदनकर्ता को कुछ हजार रुपए दे देते थे और कहा जाता था कि वह बाकी लोन की रकम उन्हें धीरे-धीरे देकर नकली सोने को बाहर निकाल लेंगे। इस चक्कर में पालमपुर के अनेक लोग फंस गए और धीरे-धीरे यह मामला लगभग साठ लाख रुपए के आसपास पहुंच गया था। जानकारी के अनुसार इसी कड़ी में बैंक ने करीबन दो दर्जन गोल्ड लोन के केस कर लाखों रुपए उपभोक्ताओं को बांट दिया। जब गड़बड़ का पता चला तो बैंक प्रबंधन ने भी माना कि बैंक में नकली सोना पड़ा हुआ है। इस मामले में बैंक अपने स्तर पर छानबीन करता रहा, जिसके लिए बैंक की तरफ से जांच अधिकारी नियुक्त किए और आला अधिकारियों से मंजूरी मिलने के बाद कुछ दिन पूर्व बैंक प्रबंधन द्वारा पुलिस में शिकायत दी गई थी। सारे मामले को खंगालने के बाद पुलिस ने 24 मई को को वैल्यूर व दर्जन भर लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। थाना प्रभारी पालमपुर श्रवण सिंह ने खबर की पुष्टि की है।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-latest-news/%e0%a4%97%e0%a5%8b%e0%a4%b2%e0%a5%8d%e0%a4%a1-%e0%a4%b2%e0%a5%8b%e0%a4%a8-%e0%a4%98%e0%a4%aa%e0%a4%b2%e0%a5%87-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%ac%e0%a5%88%e0%a4%82%e0%a4%95-%e0%a4%95%e0%a5%8b/

No comments:

Post a Comment