कुल्लू —कुल्लू जिला निजी बस आपरेटर यूनियन की अध्यक्ष कुसुम सूद को कुर्सी से हटाते हुए आपरेटरों ने सरचंद ठाकुर को यूनियन की सरदारी सौंप दी है। आपरेटरों ने तर्क दिया कि उन्हें कई मोर्चों पर जूझना पड़ रहा है, ऐसे में यूनियन में शीर्ष स्तर पर फेरबदल बेहद जरूरी हो गया है। समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आपरेटरों ने अनुभवी सरचंद ठाकुर को यूनियन की कमान सौंप दी। खास बात यह रही कि निजी बस आपरेटरों से जुड़े मसलों पर विचार करने के लिए ही रविवार को यूनियन की बैठक बुलाई गई थी। बताया जाता है कि कार्यकारिणी का पुनर्गठन बैठक के एजेंडे में शामिल नहीं था। जबकि कुसूम सूद द्वारा बैठक से किनारा कर लेने से आपरेटरों ने मौका पाकर संगठन के चुनाव करवा डाले। सरचंद ठाकुर इससे पूर्व भी यूनियन के प्रधान रह चुके हैं, लिहाजा अनुभव को देखते हुए आपरेटरों ने सुर से सुर मिलाते हुए उन्हें प्रधानी सौंप दी। वहीं अमीत शर्मा उपप्रधान, कृष्ण नेगी महासचिव, विजय गोयल कोषाध्यक्ष, रफीक भारती अड्डा प्रभारी चुने गए हैं। वहीं विकास अवस्थी, संजय घई, सुरेश ठाकुर, राजेंद्र शर्मा तथा संदीप ठाकुर सदस्य होंगे। प्रधानी से हटाईं गई कुसुम सूद ने बताया कि तबीयत ठीक न रहने के चलते वह बैठक में भाग नहीं ले पाईं। उधर, बैठक में निजी बस आपरेटरों से जुड़े मसले छाए रहे। आपरेटरों ने इस बात पर रोष जताया कि सुनियोजित षड्यंत्र के तहत उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। एचआरटीसी की बसें भी ओवर लोडेड रहती हैं, लेकिन उनके चालान नहीं काटे जा रहे, जबकि निजी बसों में तय सीटों के अतिरिक्त इक्का-दुक्का सवारियां अधिक रहने पर भी आपरेटरों के हाथों में चालान काटकर थमाए जा रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। निजी आपरेटरों का कहना था कि वे लोग पूरे समर्पण भाव से आम जनता को परिवहन सुविधा मुहैया करवा रहे हैं, बावजूद इसके बेवजह परेशान करते हुए बसों के चालान काटे जा रहे हैं।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/kullu-manali-news/%e0%a4%b8%e0%a4%b0%e0%a4%9a%e0%a4%82%e0%a4%a6-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%af%e0%a5%82%e0%a4%a8%e0%a4%bf%e0%a4%af%e0%a4%a8-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%95%e0%a4%ae%e0%a4%be%e0%a4%a8/
No comments:
Post a Comment