शिमला — हिमाचल प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा भारतीय जूनियर बैडमिंटन टीम के मैनेजर नियुक्त किए गए हैं। राजेंद्र शर्मा इस समय कांगड़ा जिला के वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल घीण में डीपीई के पद पर तैनात हैं और पिछले 17 सालों से प्रदेश में बैडमिंटन को बढ़ावा देने में जुटे हुए हैं। राजेंद्र शर्मा सात से चौदह जुलाई तक मलेशिया के कोटाकिनाबलू में होने वाली जूनियर एशियन बैडमिंटन चैंपियनशिप के दौरान भारतीय बैडमिंटन टीम के मैनेजर होंगे। राजेंद्र शर्मा के भारत की जूनियर टीम का मैनेजर नियुक्त होने पर हिमाचल प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस परमार, उपाध्यक्ष वीसी फारका, चंद्रशेखर, बलबीर पटियाल, बंसीधर और विकास सूद ने इस नियुक्ति पर खुशी व्यक्त की है और इस नियुक्ति के लिए एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद अखिलेश दास गुप्ता का आभार व्यक्त किया है। राजेंद्र शर्मा दर्जनों बार प्रदेश की टीम का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और उनके मार्गदर्शन में हिमाचल के बैडमिंटन खिलाड़ी दातुल चौहान, ईशान बसीन, अजय कैथ, आरजू ठाकुर, नेहा सूद और गौरव कपूर राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं। इन खिलाडि़यों ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल में बैडमिंटन से जुड़े किसी व्यक्ति द्वारा देश की टीम का प्रतिनिधित्व करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। सदस्यों का कहना है कि राजेंद्र के भारतीय बैडमिंटन के साथ जुड़ने से प्रदेश में खेल को काफी ऊंचाइयां मिलेंगी। कुल मिलाकर खिलाडि़यों ने नियुक्ति पर खुशी व्यक्त की है।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/shimla-news/%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%9c%e0%a5%87%e0%a4%82%e0%a4%a6%e0%a5%8d%e0%a4%b0-%e0%a4%ad%e0%a4%be%e0%a4%b0%e0%a4%a4%e0%a5%80%e0%a4%af-%e0%a4%ac%e0%a5%88%e0%a4%a1%e0%a4%ae%e0%a4%bf%e0%a4%82%e0%a4%9f%e0%a4%a8/
No comments:
Post a Comment