Show your support

Sunday, July 7, 2013

भारी बारिश ने डराया हमीरपुर


हमीरपुर — प्रदेश में 11 जुलाई तक भारी बरसात की चेतावनी के चलते जहां हमीरपुर सहम उठा है, वहीं मानसून के सक्रिय होने के कारण आगामी 72 घंटों में बरसात से होने वाली तबाही की आशंका के चलते हमीरपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो चुका है। मानसून की इस निरंतर चलने वाली बरसात ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार देर रात से सुजानपुर में हो रही बरसात ने पूरे बाजार को पानी से भर दिया है। पैदल चलने वाले लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि नादौन में एक जगह से मुख्य सड़क के बैठ जाने के कारण यातायात में भारी परेशानी हो रही है। उधर, बड़सर की संपर्क सड़कों की हालत सबसे खराब हो रही है। मैहरे बाजार में भी बरसात के कारण लोगों की नाक में दम आ गया है। सबसे बड़ी मुश्किल लोगों को सड़कों के किनारे बनी अवरुद्ध नालियों के कारण हो रही है। नालियां बंद होने से सारा पानी सड़कों पर बह रहा है और सड़कें नालों का रूप धारण कर रही हैं। भोरंज क्षेत्र की संपर्क सड़कें भी बरसात के कारण अवरुद्ध होने लगी हैं। निरंतर हो रही बरसात से जहां जिला के मुख्य कस्बों के कारोबार प्रभावित हुए हैं, वहीं सबसे ज्यादा मुश्किल जिला के पशुपालकों व नकद सब्जी उत्पादकों को हो रही है। बारिश के कारण जिला के अनेक संपर्क मार्गों पर अधिकांश प्राइवेट बसों की आवाजाही बंद कर दी गई है, जिस कारण से लोगों को अपने गांवों में पहुंचने के लिए भारी रकम चुकाकर टैक्सियों का सहारा लेना पड़ रहा है। जिला के अनेक स्थानों पर बिजली की आंख मिचौनी से लोग परेशान हैं। दूरसंचार व्यवस्था भी पूरी तरह से चरमरा गई है। उधर, बारिश के कारण गंभीर होते हालात को देखकर डीसी हमीरपुर आशीष सिंहमार ने नादौन की मानखड्ड, बमसन की पुंग खड्ड, जाहू की सीर खड्ड, बड़सर की शुक्कर व सरहयाली खड्डों के किनारे रहने वाले लोगों व रेत, बजरी के कारोबार में लगे हुए प्रवासी मजदूरों को तुरंत हटाने के फरमान जारी कर दिए हैं। ब्यास नदी के किनारे बसे लोगों को सबसे पहले चेतावनी दे दी गई। डीसी सिंहमार ने प्रशासन व आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को 24 घंटे सचेत रहने के आदेश दिए हैं।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/hamirpur-news/%e0%a4%ad%e0%a4%be%e0%a4%b0%e0%a5%80-%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%b0%e0%a4%bf%e0%a4%b6-%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%a1%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%af%e0%a4%be-%e0%a4%b9%e0%a4%ae%e0%a5%80%e0%a4%b0%e0%a4%aa/

No comments:

Post a Comment