मनाली —राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहंग में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का शुभारंभ हुआ। शनाग पंचायत के प्रधान वेद राम ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। अपने संबोधन में मुख्यातिथि ने कहा कि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ पाठशाला में होने वाली अन्य गतिविधियों में भी बढ़चढ़ कर भाग लें। श्री ठाकुर ने स्वयंसेवियों को राष्ट्र निमार्ण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने की बात कही तथा पर्यावरण, निर्मल भारत, संपूर्ण स्वच्छता, आपदा प्रबंधन पर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि चारों ओर घट रही प्राकृतिक आपदा के चलते सभी को मुश्किल की इस घड़ी में बचाव के गुर सीखने की बात कही। इस दौरान कटराईं स्कूल के एनएसएस प्रभारी धर्म चंद ने एनएसएस से संबंधित जानकारी प्रतिभागियों को दी। एनएसएस केंद्र प्रभारी सुरेंद्र चौहान ने सात दिवसीय शिविर में की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रतिभागियों के समक्ष रखी। स्थानीय स्कूल की एनएसएस प्रभारी शकुंतला ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस शिविर में 50 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। प्रवक्ता ठाकुर पन्ना लाल ने भी विशेष योगदान देते हुए कार्यक्रम का संचालन किया। राष्ट्रीय स्वयं सेवा के स्वयं सेवियों ने वंदे मातरम्, राष्ट्रीय सेवा योजना गीत, देश भक्ति गीत तथा कुल्लवी लोक नृत्य प्रस्तुत कर जन समूह का मन मोह लिया। इस सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान छात्र परेड़, ड्रिल, योगा व संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अतिरिक्त राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थाई इकाई द्वारा क्षेत्र के समस्त गांव में जल स्त्रोतों की सफाई, गलियों की सफाई, जन सहयोग के अन्य कार्य, समाजिक बुराइयां जैसे जाति प्रथा, दहेज प्रथा, कन्या भ्रूण हत्या पर लोगों को जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा स्कूल के प्रांगण में पौधारोपण भी किया गया।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/kullu-manali-news/%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%b9%e0%a4%82%e0%a4%97-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%b8%e0%a4%82%e0%a4%b5%e0%a4%be%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%87-50-%e0%a4%b8%e0%a5%8d%e0%a4%b5%e0%a4%af%e0%a4%82/
No comments:
Post a Comment