संगड़ाह — मुख्य संसदीय सचिव विनय कुमार ने रविवार को स्वास्थ्य खंड संगड़ाह के अंतर्गत आने वाली पीएचसी गत्ताधार के लिए 108 एंबुलेंस को रवाना किया। संगड़ाह अस्पताल परिसर में प्रातः 11 बजे सीपीएस लोक निर्माण ने 108 को हरी झंडी दिखाई। प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में जिला में भेजी गई छह नई एंबुलेंस में से एक गत्ताधार पीएचसी को मिली। विनय कुमार ने 108 को हरी झंडी दिखाने के बाद संगड़ाह अस्पताल का निरीक्षण किया तथा यहां मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। सीपीएस ने अस्पताल में दाखिल मरीजों का हाल चाल पूछा तथा उनकी समस्याएं पूछी। मरीजों तथा स्थानीय लोगों ने तीन वर्षों से लंबित संगड़ाह अस्पताल भवन के निर्माण, मरीजों के भोजन की उचित व्यवस्था, लैब टेक्नीशियन व महिला चिकित्सक की नियुक्ति तथा अस्पताल में बेहतर सेवाएं मुहैया करवाने संबंधित मुद्दे सीपीएस के समक्ष उठाए। संगड़ाह अस्पताल के लंबित भवन को लेकर उन्होंने कहा कि इसके लिए बजट उपलब्ध है तथा अगस्त माह के पहले सप्ताह में दोबारा जमीन के चयन को लेकर स्वास्थ्य विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक रखी गई है। इस अवसर पर एसडीएम संगड़ाह एचएस ब्रास्कन, बीएमओ डाक्टर एनके भारद्वाज, स्थानीय पंचायत प्रधान तपेंद्र चौहान, गत्ताधार निवासी नेत्र शर्मा व सुखराम तथा भारी संख्या में अन्य लोग मौजूद थे।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/paonta-sahib-sirmaur-news/%e0%a4%97%e0%a4%a4%e0%a5%8d%e0%a4%a4%e0%a4%be%e0%a4%a7%e0%a4%be%e0%a4%b0-%e0%a4%aa%e0%a5%80%e0%a4%8f%e0%a4%9a%e0%a4%b8%e0%a5%80-%e0%a4%95%e0%a5%8b-108/
No comments:
Post a Comment