बंगाणा — बंगाणा क्षेत्र में बुधवार रात्रि हुई तेज बारिश के दौरान थानाकलां-भाखड़ा सड़क पर गांव मंझेड में पुली क्षतिग्रस्त हो जाने से तीसरे दिन भी निजी व सरकारी बस सेवा बहाल न हो सकी, जिस कारण क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।गुरुवार सुबह से लोक निर्माण विभाग द्वारा पुली का मरम्मत कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया था, परंतु भारी बारिश के चलते पुली का एक हिस्सा पुनः बुरी तरह से दरक गया, जिस कारण सड़क मार्ग आवाजाही के लिए नहीं खुल पाया है। गुरुवार व शुक्रवार के दिन विभाग उक्त सड़क को छोटी गाडियों के लिए भी नहीं खोल पाया था। थानाकलां-भाखड़ा मुख्य सडक बंद होने से भाखड़ा की तरफ से आने जाने वाले सैकड़ों लोग अघलौर व छपरोह से वाया जोगीपंगा होकर अपने गंतव्य स्थानों पर पहुंचे, जिससे लोगों को निजी टैक्सी किराए पर लेकर भारी भरकम किराया चुकाना पड़ा। सड़क मार्ग बंद होने से तहसील मुख्यालय बंगाणा में कार्य करवाने हेतु आने-जाने वाले लोगों को भी भारी समस्या झेलनी पड़ी। शुक्रवार को विभाग के अधीक्षण अभियंता ने स्वयं मौके पर आकर कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस संबंध में विभाग के एसडीओ बंगाणा राजेश कुमार ने बताया कि भारी बारिश के दौरान गांव मझेड़ में पुली के ढह जाने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हुआ है, जिस पर विभाग द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य शुरू किया गया है। शुक्रवार शाम तक छोटी गाडि़यों के लिए सड़क बहाल कर दी जाएगी।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/bilaspur-news/%e0%a4%aa%e0%a5%81%e0%a4%b2%e0%a4%bf%e0%a4%af%e0%a4%be-%e0%a4%a6%e0%a4%b0%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%b8%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a4%95-%e0%a4%ac%e0%a4%82%e0%a4%a6/
No comments:
Post a Comment