शिमला — मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शुक्रवार को 10 जनपथ में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की और उन्हें प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक व आर्थिक स्थिति से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोनिया गांधी को राज्य में आपदा से हुए भारी जान-माल की क्षति का विवरण देते हुए केंद्र से उदार आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुख्यमंत्री को संकट की घड़ी में केंद्र सरकार से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा किए गए राहत कार्यों की प्रशंसा की। सूत्रों के मुताबिक करीब आधा घंटे की इस मुलाकात ने मुख्यमंत्री ने सोनिया गांधी से मंडी संसदीय उपचुनाव पर भी चर्चा की, वहीं मिशन 2014 को हासिल करने के लिए कांग्रेस की क्या रणनीति होगी व प्रदेश में संगठन व सरकार में तालमेल बिठाते हुए पार्टी घोषणापत्र को कैसे अमलीजामा पहनाया जा रहा है। इसकी भी जानकारी जुटाई। पांच महीनों के दौरान किए गए विकास कार्यों का भी इस दौरान विवरण दिया गया। जानकारी मिली है कि उन्होंने प्रदेश के समक्ष आ रही आर्थिक दिक्कतों का हवाला देते हुए विशेष पैकेज की भी मांग की है। प्रदेश मंत्रिमंडल में एक मंत्रीपद भरा जाना शेष है। कई विधायकों व नेताओं को ओहदे भी दिए जाने हैं। पार्टी मामलों की नवनियुक्त प्रभारी अंबिका सोनी की तैनातगी के बाद वैसे भी वीरभद्र समर्थकों के हौसले और भी बुलंद दिख रहे हैं। ऐसे में दिल्ली से राहत पैकेज लेने गए वीरभद्र सिंह की सोनिया गांधी से ताजा मुलाकात काफी मायनों में प्रदेश सरकार व कांग्रेस के लिए प्रभावी हो सकती है।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-latest-news/%e0%a4%b8%e0%a5%8b%e0%a4%a8%e0%a4%bf%e0%a4%af%e0%a4%be-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%ac%e0%a4%a4%e0%a4%be%e0%a4%af%e0%a4%be-%e0%a4%b9%e0%a4%be%e0%a4%b2-%e0%a4%8f-%e0%a4%b9%e0%a4%bf%e0%a4%ae%e0%a4%be/
No comments:
Post a Comment