शिमला —ढली के लंबीधार एरिया में दो लोगों के पानी के कनेक्शन जारी किए जाने के मामले पर निगम आयुक्त ने जांच बिठा दी है। आयुक्त ने एसी को जांच का जिम्मा सौंपा है और उन्हें निगम की मासिक बैठक से पहले जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा है। 27 जून को निगम की मासिक बैठक होने जा रही है। जांच में उन्हें कहा गया है कि वह पता लगाए कि यहां पर निगम से जो दो पानी के कनेक्शन जारी हुए हैं, वह किस आधार पर और किसके कहने पर जारी किए गए हैं। एसी को यह भी पता लगाने के लिए कहा गया है कि कनेक्शन जारी करने में किसी की क्या मंशा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही आयुक्त अगली कार्रवाई अमल में लाएंगे। यहां पर निगम ने लोगों को पानी के कनेक्शन जारी करने के लिए मना किया था, लेकिन बाद में गुपचुप तरीके से दो व्यक्तियों को पानी के कनेक्शन जारी कर दिए, जबकि यहां पर वर्ष 2009 से कनेक्शनों को जारी करने के मामले लंबित हैं।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/shimla-news/%e0%a4%aa%e0%a4%be%e0%a4%a8%e0%a5%80-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%95%e0%a4%a8%e0%a5%87%e0%a4%95%e0%a5%8d%e0%a4%b6%e0%a4%a8-%e0%a4%aa%e0%a4%b0-%e0%a4%ac%e0%a5%88%e0%a4%a0%e0%a5%80-%e0%a4%9c%e0%a4%be/
No comments:
Post a Comment