Show your support

Saturday, June 29, 2013

आईपीएच को 25 लाख की चपत


बंगाणा — उपमंडल बंगाणा क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हुई ताबड़तोड़ बारिश से जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, वहीं सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग व लोक निर्माण विभाग का भी काफी नुकसान हुआ है। क्षेत्र की विभिन्न सड़कों पर जगह-जगह ल्हासे गिरे हैं, वहीं सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग की भारी बारिश के चलते पेयजल योजनाएं बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं, जिससे आईपीएच विभाग द्वारा करीब 25 लाख रुपए का नुकसान आंका गया है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक क्षेत्र की तनोह-तुड़ेटा, अल्याणा-लठियाणी, तलमेड़ा, अरलू, सरोह-डरोह, चमियाड़ी-सिहाणा, धार-चामुक्खा, रामगढ़धार पेयजल योजना आदि कई पेयजल योजनाओं की करीब एक हजार मीटर पाइप क्षतिग्रस्त हो गई है व भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर कई दर्जन पाइपें बह गईं, जिस कारण क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांवों में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई है। विभाग द्वारा पाइप लाइन मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने आईपीएच विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि भारी बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुई पेयजल योजनाओं की पाइप लाइनों का मरम्मत कार्य शीघ्र ही निपटाया जाए, ताकि बरसात के दिनों में लोगों को स्वच्छ पीने का पानी उपलब्ध हो सके। इस संबंध में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ गणेश दत्त शर्मा ने बताया कि विगत दो दिनों में हुई तेज बारिश के चलते कई पेयजल योजनाओं की पाइप लाइन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे करीब 25 लाख रुपए का नुकसान होने की संभावना है। क्षेत्र में भारी बारिश से प्रभावित विभिन्न पेयजल योजनाओं को शीघ्र ही सुचारू कर दिया जाएगा।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/una-news/%e0%a4%86%e0%a4%88%e0%a4%aa%e0%a5%80%e0%a4%8f%e0%a4%9a-%e0%a4%95%e0%a5%8b-25-%e0%a4%b2%e0%a4%be%e0%a4%96-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%9a%e0%a4%aa%e0%a4%a4/

No comments:

Post a Comment