राख — जिला चंबा के विकास खंड मैहला की ग्राम पंचायत किलोड़ आज दिन तक सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाई है। इसके चलते ग्रामीण आज भी कई किलोमीटर पैदल सफर करने को मजबूर हैं। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने पंचायत को सड़क सुविधा से जोड़ने की कवायद शुरू की है, परंतु वन विभाग की एनओसी न मिल पाने के चलते कार्य अधर में लटक गया है। विभाग का कहना है कि अगर वन विभाग एनओसी दे देता है तो कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत किलोड़ के दर्जनों गांवों में रह रही हजारों की आबादी आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क सुविधा न होने से कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पंचायत में सड़क सुविधा न होने से पंचायत विकास की लौ से भी दूर होती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग ने पंचायत को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए कार्य शुरू किया था, परंतु पिछले लंबे अरसे से कार्य बंद पड़ा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि आज भी उन्हें खाद्य वस्तुओं को पीठ पर ढोकर ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने विभाग व प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द पंचायत को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग की है। वहीं लोक निर्माण विभाग राख के सहायक अभियंता हर्ष पुरी ने बताया कि वन विभाग की एनओसी न मिलने से कार्य बंद पड़ा हुआ है। जैसे ही वन विभाग की एनओसी मिलती है, कार्य शुरू कर दिया जाएगा। बहरहाल किलोड़ पंचायत में सड़क सुविधा न होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क न होने से क्षेत्र के लोगों को भारी दिक्कतों से दो-चार होना पड़ रहा है।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/chamba-news/%e0%a4%95%e0%a4%bf%e0%a4%b2%e0%a5%8b%e0%a4%a1%e0%a4%bc-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%a8%e0%a4%b9%e0%a5%80%e0%a4%82-%e0%a4%a8%e0%a4%bf%e0%a4%95%e0%a4%b2%e0%a4%be-%e0%a4%b0%e0%a5%8b%e0%a4%a1/
No comments:
Post a Comment