Show your support

Wednesday, May 15, 2013

एचपीयू में रद्द होंगे एससीए चुनाव!


शिमला — हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में सोमवार को हुई हिंसा की घटना के बाद प्रशासन सख्त कदम उठाने जा रहा है। विवि प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि एचपीयू या राज्य के किसी भी कालेज में हिंसा की घटना पेश आती है तो वहां एससीए चुनाव पर रोक लगा दी जाएगी। एससीए को बर्खास्त करने जैसे कदम भी प्रशासन उठा सकता है। शैक्षणिक माहौल कायम रखने के लिए प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है। सूत्र बताते हैं कि 27 अप्रैल को आयोजत कार्यकारिणी परिषद की बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया था। ईसी में 60 फीसदी मत एससीए चुनाव पर रोक लगाने के पक्ष में थे, जबकि 40 फीसदी मत चुनाव करवाने के पक्ष में थे। एससीए चुनाव पर रोक लगाने के पक्ष में 60 फीसदी मत होने के चलते यह फैसला लिया गया था कि भविष्य में यदि किसी भी कालेज या फिर एचपीयू में हिंसा होती है तो वहां चुनाव पर रोक लगा दी जाए। ईसी की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद विवि प्रशासन ने 10 मई को तीनों ही छात्र संगठनों के साथ इस बाबत बैठक भी की थी। प्रशासन ने इस बैठक में छात्र प्रतिनिधियों को ईसी के निर्णयों के बारे में अवगत करवा दिया है। छात्रों को शैक्षणिक माहौल कायम रखने की अपील की गई है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एडीएन बाजपेयी ने कहा कि एचपीयू में शैक्षणिक माहौल कायम रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। ईसी में इस मामले पर व्यापक चर्चा की गई है। बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि यदि हिंसा होती है तो वहां चुनाव नहीं करवाने जैसा कदम उठाया जा सकता है।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-latest-news/%e0%a4%8f%e0%a4%9a%e0%a4%aa%e0%a5%80%e0%a4%af%e0%a5%82-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%b0%e0%a4%a6%e0%a5%8d%e0%a4%a6-%e0%a4%b9%e0%a5%8b%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%87-%e0%a4%8f%e0%a4%b8%e0%a4%b8/

No comments:

Post a Comment