मंडी — हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक कर्मचारी महासंघ ने प्रबंधन से बैंक कर्मचारियों की वर्षों से रुकी पड़ी डीपीसी को शीघ्र बहाल करने की मांग की है। मंडी में आयोजित संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की राज्य स्तरीय बैठक में इस बारे में बैंक प्रबंधन से शीघ्र कदम उठाने का आग्रह किया गया है। संघ की बैठक की अध्यक्षता राज्याध्यक्ष सीएस कंवर ने की। बैठक में कार्यकारिणी ने बैंक के नए चैयमरैन और नए प्रबंध निदेशक का भी स्वागत किया गया और विश्वास दिलवाया कि संघ हर समय प्रबंधन के साथ खड़ा नजर आएगा। बैठक को संबोधित करते हुए राज्याध्यक्ष सीएस कंवर ने कहा कि जब से बैंक के नए चैयरमैन और प्रबंध निदेशक ने कार्यभार संभाला है, तब से बैंक में काफी सुधार आया है। लोगों में बैंक के प्रति और अधिक विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से लेकर जरनल मैनेजर तक की डीपीसी नहीं हुई है। बैंक कर्मचारियों को पंजाब आधार पर 1-1-2006 से देय भत्ते भी नहीं मिल पा रहे हैं। इसलिए बैठक में प्रबंधन से यह भी मांग की गई है कि इन भत्तों को शीघ्र कर्मचारियों को दिया जाए। संघ की यह भी मांग है कि छह साल पूरा कर चुके अंशकालीन कर्मियों को डेलिबेज का दर्जा दिया जाए और उनके भत्तों में बढ़ोतरी की जाए। इसके अलावा 12 साल पूरा कर चुके दैनिकभोगी कर्मचारियों को नियमित करने की भी मांग संघ ने उठाई है। 2006 में अनुबंध पर लगे कर्मचारियों को आज तक डीए और वार्षिक वेतन वृद्धि का भी लाभ नहीं मिला है, जबकि शेष कर्मचारियों और हाल में ही अनुबंध पर लगे कर्मचारियों को यह लाभ मिल चुका है। बैठक में इसके साथ कर्मचारियों से जुड़ी अन्य मांगों पर भी चर्चा की गई। प्रदेश महासचिव सोहन, हरपाल, देशराज, रमेश चौहान, डा. जगदीश, अनूप, नरेश और मदन कुमार सहित प्रदेश भर से 40 बैंक कर्मचारी इस दौरान उपस्थित रहे।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-latest-news/%e0%a4%b8%e0%a4%b9%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%b0%e0%a5%80-%e0%a4%ac%e0%a5%88%e0%a4%82%e0%a4%95-%e0%a4%95%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%ae%e0%a4%bf%e0%a4%af%e0%a5%8b%e0%a4%82-%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%ae/
No comments:
Post a Comment