चंबा — पर्यटन के लिहाज से जिला चंबा के विभिन्न स्थलों को निहारने के लिए अब पर्यटकों को हेलिटैक्सी सेवा की सुविधा हासिल हो सकेगी। प्रदेश सरकार ने निजी क्षेत्र में हेलिटैक्सी सेवा शुरू करने की मंजूरी प्रदान कर दी है। लिहाजा सात मई से मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से मशहूर पर्यटन स्थल खजियार में विधिवत रूप से इस सेवा का श्रीगणेश होगा। होटल व्हाइट हाउस, विराट एवीएशन दिल्ली और वाइल्ड फ्लावर होली-डे रिजार्ट खजियार संयुक्त रूप से इस सेवा को शुरू कर रहा है। बहरहाल सरकार और प्रशासन की ओर से तमाम औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इस माह से पर्यटकों को हेलिटैक्सी सेवा का लाभ मिलने शुरू हो जाएगा। लिहाजा अब जिला चंबा के पर्यटन को और पंख लगने की उम्मीदें भी जगी है। हेलिटैक्सी सेवा के प्रबंधक राजीव सहगल ने खबर की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार निजी क्षेत्र में हेलिटैक्सी सेवा शुरू करने की मंजूरी प्रदेश सरकार की ओर से मिल गई है, जिसके तहत चंबा में आने वाले पर्यटकों को खजियार से चंबा, चंबा से खजियार, खजियार से सतरुंडी और गौरी कुड के लिए हेलि टैक्सी सेवा का लाभ मिल सकेगा। होटल व्हाइट हाउस के प्रबंधक राजीव सहगल ने बताया कि दो हजार रुपए से लेकर आठ से दस हजार रुपए के बीच में पर्यटकों को सेवा का लाभ लेने के लिए अदायगी करनी होगी। उन्होंने बताया कि मेडिकल इमर्जेंसी और वीआईपी की मांग पर भी हेलिटैक्सी सेवा का लाभ प्रदान किया जाएगा, बशर्ते इस बाबत संबंधित व्यक्ति को प्रबंधन को सूचित करना होगा। उन्होंने बताया कि पर्यटकों की डिमांड से जिला के विभिन्न हिस्सों के लिए हेलिटैक्सी की सेवा मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक तकनीक वाला छह सीटर हेलीकाप्टर यहां पर सेवाएं देगा। उनका कहना है कि जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से संबंधित तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है, जिसके बाद अब सात मई से विधिवत रूप से खजियार से इस सेवा को शुरू किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने प्रदेश में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए हेलि टैक्सी सेवा आरंभ करने का निर्णय लिया है, जिसके तहत निजी क्षेत्र से इस बाबत आवेदन मांगे गए थे और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन्हें मंजूरी प्रदान की गई। अहम है कि जिला के कई पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को सड़क मार्ग से लंबा सफर तय करना पड़ता है, जिसके चलते चाहते हुए भी पर्यटक इन दर्शनीय स्थलों तक नहीं पहुंच पाते है। लिहाजा अब हेलिटैक्सी सेवा के शुरू होने से पर्यटकों से दूर पर्यटन स्थलों को भी विश्व मानचित्र पर स्थान मिल पाएगा।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/chamba-news/%e0%a4%b9%e0%a5%87%e0%a4%b2%e0%a4%bf%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%9f%e0%a4%b0-%e0%a4%b8%e0%a5%87-%e0%a4%b2%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%96%e0%a4%9c%e0%a4%bf%e0%a4%af%e0%a4%be%e0%a4%b0/
No comments:
Post a Comment