टीएमसी — टांडा मेडिकल कालेज में लोगों की सहायता के लिए पुलिस चौकी तो स्थापित की गई है, लेकिन यहां तैनात कर्मचारियों को कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। जानकारी के मुताबिक टीएमसी में स्टाफ क्वाटर्स के साथ खोली गई इस पुलिस चौकी में आठ कर्मचारी जिसमें एक एएसआई, दो हैड कांस्टेबल, चार एचएचसी और एक कांस्टेबल तैनात हैं। इस चौकी के तहत टीएमसी के अतिरिक्त साथ लगते गांव सदरपुर, भाटी व स्कोट आदि को भी शामिल किया गया है, लेकिन इस चौकी के हालात यह हैं कि यह मात्र छोटे से कमरे में ही चलाई जा रही है, जबकि आठ कर्मचारियों को आराम भी इसमें ही करना पड़ता है, क्योंकि इनके लिए कोई उचित व्यवस्था पुलिस प्रशासन या मेडिकल प्रशासन द्वारा नहीं उपलब्ध करवाई जा सकी है। अन्य पुलिस चौकियों की तरह इस चौकी में टेलीफोन की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। कोई भी सूचना इस चौकी को कांगड़ा पुलिस थाने के माध्यम से ही मिलती या यहां तैनात कर्मचारियों को अपने मोबाइल के जरिए ही संपर्क करना पड़ता है। किसी केस के लिए बाहर जाने के लिए एक मोटरसाइकिल का ही इस्तेमाल करना पड़ता है। बिना सुविधा के आठ कर्मचारियों के सहारे चलाई जा रही इस पुलिस चौकी को रात को नाके लगाने, टीएमसी में यातायात व्यवस्था को बनाए रखने आदि कार्यों सहित इमर्जेंसी केसों का निपटारा भी करना होता है, लेकिन बिना सुविधाओं के यहां तैनात स्टाफ को अपने दम पर ही यह सब कार्य करने पड़ते हैं। छोटे से कमरे में चलाई जा रही इस पुलिस चौकी में रहने की उचित व्यवस्था न होने के कारण ड्यूटी के उपरांत कुर्सियों पर ही कई बार कर्मचारियों को सोना पड़ता है। हालांकि जानकारों के मुताबिक पुलिस चौकी को प्रशासन द्वारा उचित सुविधाएं मुहैया करवाई जानी हैं, लेकिन आज दिन तक इस ओर कोई भी उचित कदम नहीं उठाया गया है। इस बारे में डीएसपी कांगड़ा अशोक वर्मा ने बताया कि वह स्वयं चौकी का निरीक्षण कर चुके हैं तथा कर्मचारियों को उचित सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए मेडिकल प्रशासन से मामला उठाया गया है।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-latest-news/%e0%a4%9f%e0%a4%be%e0%a4%82%e0%a4%a1%e0%a4%be-%e0%a4%9a%e0%a5%8c%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%b8%e0%a5%81%e0%a4%b5%e0%a4%bf%e0%a4%a7%e0%a4%be%e0%a4%93%e0%a4%82-%e0%a4%95/
No comments:
Post a Comment