Show your support

Monday, April 29, 2013

मल्ल सम्राट बनने जुटेंगे नामी पहलवान


बिलासपुर — पीर लखदाता अखाड़ा कमेटी बिलासपुर ने पांच मई को डियारा में प्रस्तावित दंगल के लिए तैयारियांे को अंतिम रूप दे दिया है। दंगल के तहत तीन वर्गों में मुकाबले होंगे। मुकाबलों को रुचिकर बनाने के उद्देश्य से बाकायदा नियमावली भी तैयार की गई है। बाल केसरी, रुस्तम-ए-कहलूर व मल्ल सम्राट के खिताबी मुकाबलों के लिए पहलवानों को पांच मई को क्रमशः सुबह दस, दोपहर दो व तीन बजे तक पंजीकरण कराना होगा। अखाड़ा कमेटी के अध्यक्ष हुसैन अली की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कहा गया कि बाल केसरी स्पर्धा में 15 वर्ष तक की आयु के बाल पहलवान भाग ले सकेंगे। उन्हें आयु प्रमाण पत्र की सत्यापित प्रति भी प्रस्तुत करनी होगी। विजेता को गुर्ज व 2100, जबकि उपविजेता को 1100 रुपए का इनाम दिया जाएगा। रुस्तम-ए-कहलूर स्पर्धा केवल बिलासपुर जिला के 25 वर्ष तक की आयु के युवा पहलवानों के लिए होगी, इसमें भी पहलवानों को आयु प्रमाण पत्र की सत्यापित प्रति प्रस्तुत करनी होगी। विजेता को स्मृति चिन्ह व 7100 तथा उपविजेता को 4100 रुपए का नकद इनाम मिलेगा। दंगल का मुख्य आकर्षण मल्ल सम्राट स्पर्धा में देश भर के पहलवान भाग ले सकेंगे। विजेता को गुर्ज व 21 हजार तथा उपविजेता को 11 हजार रुपए की राशि बतौर पुरस्कार दी जाएगी। बैठक मंे कहा गया कि खिताबी मुकाबलों का फैसला होना जरूरी है। मुकाबला बराबरी पर छूटने की स्थिति में विजेता की राशि दोनों पहलवानों में बराबर बांट दी जाएगी। इस स्थिति में गुर्ज या स्मृति चिन्ह नहीं दिया जाएगा। बैठक के दौरान दंगल के सफल आयोजन के मद्देनजर उप समितियों का गठन भी कर दिया गया। बैठक में एसआर आजाद, रामलाल ठाकुर, मुनीष शर्मा, निक्काराम ठाकुर, मनमोहन भंडारी, संदीप नड्डा, बीआर रनोट, राकेश ठाकुर, मनीष ठाकुर व दौलतराम ठाकुर ने भाग लिया।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/bilaspur-news/%e0%a4%ae%e0%a4%b2%e0%a5%8d%e0%a4%b2-%e0%a4%b8%e0%a4%ae%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%9f-%e0%a4%ac%e0%a4%a8%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%9c%e0%a5%81%e0%a4%9f%e0%a5%87%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%87/

No comments:

Post a Comment