Show your support

Tuesday, April 2, 2013

सेक्स कांड की सरगना गिरफ्त से बाहर

सोलन — जिला की अर्की पुलिस द्वारा एक अंतरराजीय सेक्स कांड का पर्दाफाश करने के उपरांत भी अभी तक मुख्य सरगना पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। पुलिस को इस सेक्स कांड की मुख्य आरोपी एक महिला की सरगर्मी से तलाश है, लेकिन विभिन्न स्थानों पर की गई पुलिस की दबिश में वह वांछित महिला बार-बार पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो रही है। सुमन नाम की यह महिला अमृतसर की बताई जा रही है तथा अर्की पुलिस दल ने पूछताछ में बताए गए पते व महिला के संदिग्ध ठिकानों में कई बार अमृतसर में जाकर छापेमारी की है। बीते 18 मार्च को अर्की पुलिस ने शालाघाट में लगाए एक नाके के दौरान एक वाहन को रोककर उसमें बैठे दो युवक व एक युवती से कड़ी पूछताछ की। दोनों युवक इसी तहसील के मांगू गांव के रहने वाले हैं, लेकिन युवती ने पुलिस के समक्ष सनसनी खेज खुलासा करके इस घटना को नया मोड़ दे दिया। युवती ने बताया कि वह अमृतसर की रहने वाली है तथा रोजगार की तलाश में स्थानीय सुमन नाम की एक महिला के संपर्क में आ गई। सुमन ने नौकरी दिलवाने के चक्कर में उसे पंजाब के जीरकपुर नामक स्थान में देह व्यापार चला रहे एक गिरोह के पास भेज दिया। लड़की ने पुलिस को दिए गए बयान में आरोप लगाया कि वहां उससे जबरदस्ती अनैतिक धंधे में झोंक दिया। जीरकपुर से ही अर्की के मांगू क्षेत्र के निवासी दो युवक इस युवती को शिमला लाए। पुलिस में दर्ज बयान के मुताबिक यह सौदा दस हजार रुपए में हुआ था। इन तीनों को शिमला में किसी होटल में जगह न मिलने के कारण वह उस रात्रि को दाड़लाघाट की ओर जा रहे थे, लेकिन शालाघाट में वह पुलिस के हत्थे चढ़ गए। युवती की निशान देही पर पुलिस ने बाद में जीरकपुर में छापा मारकर वहां से पांच युवतियों सहित कुल नौ व्यक्तियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने पांचों युवतियों को हालांकि नारी निकेतन भेज दिया है, लेकिन अभी भी मुख्य आरोपी अमृतसर की सुमन नामक महिला पुलिस के शिकंजे से बाहर है। पुलिस उपाधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस का एक दल पुनः अमृतसर भेजा गया है, ताकि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके।






source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/baddi-solan-news/%e0%a4%b8%e0%a5%87%e0%a4%95%e0%a5%8d%e0%a4%b8-%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%82%e0%a4%a1-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%b8%e0%a4%b0%e0%a4%97%e0%a4%a8%e0%a4%be-%e0%a4%97%e0%a4%bf%e0%a4%b0%e0%a4%ab%e0%a5%8d/

No comments:

Post a Comment