परवाणू — बाहरी राज्य से आने वाले प्रवासी मजदूरों का पुलिस फिंगर प्रिंट सहित पंजीकरण करवाएगी। परवाणू में आयोजित पुलिस सब डिवीजन की बैठक में डीएसपी परवाणू ने थाना व चौकी प्रभारियों को ये दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को मजदूरों के पंजीकरण के समय उनके फिंगर पिं्रट लेना अनिवार्य बताया है। क्षेत्र में चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए बैठक में प्रवासी श्रमिकों के शत प्रतिशत पंजीकरण करवाने को कहा गया है। इसके साथ ही मजदूरों से काम करवाने वाले ठेकेदार तथा किराएदारों के मकान मालिकों को भी इसमें जवाबदेह बनाया गया है। बाहरी राज्य से काम की तलाश में पहुंचने वाले श्रमिक को पहले नजदीकी थाना में अपना सारा रिकार्ड दर्ज करवाना होगा। ऐसा न करने पर प्रवासी मजदूर संग ठेकेदार तथा उसे आश्रय देने वाले मकान मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। डीएसपी परवाणू निश्चिंत नेगी ने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों के तहत सब डिवीजन के परवाणू व धर्मपुर थाना में प्राथमिकता के आधार पर पंजीकरण करवाए जाएंगे। इसके साथ ही पुलिस ऐसे प्रवासियों की पहचान भी करेगी जिन्होंने काफी समय प्रदेश में मजदूरी करने के बाद भी पुलिस थाना में पंजीकरण नहीं करवाया है। उन्होंने कहा कि बैठक में थाना व चौकी प्रभारियों को लंबित मामलों के जल्द निपटारे के निर्देश दिए गए हैं। जिससे लोगों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए भी दिन-रात गश्त को बढ़ाया गया है। पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए पुलिस ने पिछले एक माह में तीन मामलों में सफलता हासिल करते हुए चोरी हुए सामान को रिकवर भी किया है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस कानून व्यवस्था को बेहतर करने के लिए बहुत से कारगर कदम उठा रही है।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/baddi-solan-news/%e0%a4%ab%e0%a4%bf%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a4%b0-%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%bf%e0%a4%82%e0%a4%9f-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%b8%e0%a4%be%e0%a4%a5-%e0%a4%b0%e0%a4%96%e0%a4%be-%e0%a4%9c%e0%a4%be/
No comments:
Post a Comment