गगरेट — गगरेट के ट्रक की बिहार में लूट के मामले में स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली को सुस्त करार देते हुए गगरेट के ट्रक यूनियन के पदाधिकारियों ने पुलिस थाना गगरेट का घेराव किया। इस दौरान पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी भी की गई। मामले को लेकर सोमवार को ट्रक चालक के परिजन, ट्रक मालिक के परिजन, ट्रक यूनियन के सदस्य तथा गगरेट नगर के लोगों ने पुलिस थाना गगरेट में भारी संख्या में पहुंचकर घेराव किया। इस अवसर पर रविंद्र, सुखदेव, लवली, अनिल, विजय कुमार, राजेश, मीना देवी, सुनीता देवी, प्रियंका, रोशन लाल, अनिल कुमार, राजेश आदि ने इस बात को लेकर पुलिस के विरुद्ध थाना गगरेट में भारी रोष जताया। चालक-परिचालक के बिहार में ट्रक लूट के बाद लापता होने की शिकायत की तो पुलिस ने इस संबंध में बिहार पुलिस के साथ किसी भी प्रकार की सकारात्मक बातचीत नहीं की है। उन्होंने गगरेट पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। डीएसपी अंब ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि पुलिस इस मामले की पूरी जांच करेगी और मामले की सच्चाई का पता लगाने के लिए शीघ्र ही एक पुलिस टीम बिहार को भेजी जाएगी, तब जाकर प्रदर्शनकारी शांत हुए। डीएसपी अंब मदन लाल कौशल ने कहा कि गगरेट के ट्रक की बिहार में लूट व चालक-परिचालक लापता होने के मामले की गहन जांच की जा रही है। इस संबंध में बिहार पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि गगरेट से एक ट्रक 15 मार्च को एक फैक्टरी का माल लोड करके गुवाहाटी के लिए रवाना हुआ था तो बिहार के पूर्णिया के पास लुटेरों ने ट्रक को लूट लिया।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/una-news/%e0%a4%97%e0%a4%97%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%9f-%e0%a4%a5%e0%a4%be%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%aa%e0%a4%b0-%e0%a4%9c%e0%a4%ae%e0%a4%95%e0%a4%b0-%e0%a4%97%e0%a5%82%e0%a4%82%e0%a4%9c%e0%a5%87-%e0%a4%a8/
No comments:
Post a Comment