Show your support

Monday, April 1, 2013

अब एचपीयू में तैयार होंगे साइबर एक्सपर्ट


शिमला — हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में अब साइबर एक्सपर्ट तैयार होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन इसी शैक्षणिक सत्र से साइबर क्राइम में डिप्लोमा कोर्स शुरू करने जा रहा है। लॉ डिपार्टमेंट के अधीन यह पाठ्यक्रम शुरू होगा। साइबर क्राइम के अलावा डिप्लोमा इन ह्यूमन राइट, बेचलर डिग्री इन फाइन आर्ट्स व एमएससी इन स्टेटिस्टिक को शुरू करने की भी तैयारी है। सूत्र बताते हैं नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रशासन ने जो प्रोस्पेक्टस छपवाए हैं। इसमें ही इन पाठ्यक्रमों को भी शामिल किया जा रहा है। पांच अप्रैल को आयोजित होने वाली शैक्षणिक परिषद की बैठक में इस सत्र से शुरू होने वाले नए कोर्सेज पर चर्चा कर इन पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। इन विषयों में 30 सीटें होंगी। एडमिशन मैरिट आधार पर की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागों को पत्र जारी कर नए विषय शुरू करने पर राय मांगी थी। इसमें से केवल चार विभागों से ही सकारात्मक जवाब आए हैं। कई विभागों में शिक्षकों की कमी का तर्क दिया गया है तो कुछ में बैठने की व्यवस्था न होने की बात कही गई है। बताया जा रहा है कि इसके चलते केवल चार ही कोर्स शुरू हो पाएंगे। मौजूदा समय में साइबर क्राइम विषय में रोजगार की काफी ज्यादा संभावना है। निजी क्षेत्रों के अलावा सरकारी क्षेत्रों में भी इस विषय में डिग्री डिप्लोमा करने वाले छात्रों की काफी ज्यादा डिमांड रहती है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पिछले साल इस विषय को शुरू करने पर अपनी मुहर लगाकर बाकायदा एडमिशन प्रक्रिया शुरू की थी। देरी से शुरू हुई प्रक्रिया के चलते काफी कम आवेदन आए, जिसके चलते प्रशासन इस कोर्स को शुरू नहीं कर पाया था। सूत्र बताते हैं कि इस बार विवि प्रशासन जो प्रोस्पेक्टस छपवाने जा रहा है, उसमें इन कोर्सेज को शामिल कर दिया जाएगा, ताकि छात्र इसमें एडमिशन ले सकें। उधर, विश्वविद्यालय के डीन आफ स्टडीज प्रो. सुरेश कुमार ने कहा कि साइबर क्राइम, ह्यूमन राइट के अलावा कुछ और पाठ्यक्रमों को शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुविधा के लिए इन विषयों को इसी साल से शुरू करने का निर्णय लिया गया है।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/shimla-news/%e0%a4%85%e0%a4%ac-%e0%a4%8f%e0%a4%9a%e0%a4%aa%e0%a5%80%e0%a4%af%e0%a5%82-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%a4%e0%a5%88%e0%a4%af%e0%a4%be%e0%a4%b0-%e0%a4%b9%e0%a5%8b%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%87/

No comments:

Post a Comment