Show your support

Tuesday, April 2, 2013

चंबा को एक करोड़ की पार्किंग जल्द

चंबा — जिला मुख्यालय में पार्किंग की समस्या का हल करने के लिए जिला प्रशासन ने कदमताल शुरू कर दी है। इस फेहरिस्त में शहर के कैफे रोड पर पार्किंग के निर्माण के लिए कागजी औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं, जिसके पूरा होते ही प्राथमिकता के आधार पर यहां पर एक करोड़ की लागत से पार्किंग का निर्माण कार्य करवाया जाएगा। सोमवार को विभागों की समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त चंबा संदीप कदम ने उपरोक्त खुलासा किया। इस दौरान उन्होंने लाडा के तहत धरवाला में पार्किंग के निर्माण की संभावनाएं तलाश करने के अधिकारियों को आदेश जारी किए हैं। उपायुक्त ने मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से मशहूर पर्यटन स्थल खजियार के सौंदर्यीकरण की दिशा में भी अधिकारियों को कदम उठाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि खजियार में लाइटों के अलावा कूड़ादान रखे जाएंगे। साथ ही पर्यटन स्थल के सौंदर्यीकरण की संभावनाएं तलाशी जाएंगी, ताकि यहां पर और अधिक पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके। उपायुक्त ने चंबा-जोत चुवाड़ी मार्ग पर सौर ऊर्जा की लाइटें स्थापित करने के भी आदेश संबंधित विभाग के अधिकारी को जारी किए हैं। संदीप कदम ने कहा कि जिला मुख्यालय के सौंदर्यीकरण के लिए प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस कड़ी में शहर में दो फुव्वारों की मरम्मत कर नया स्वरूप प्रदान करने के लिए दो लाख 75 हजार की राशि खर्च की जाएगी। वहीं उपायुक्त कार्यालय में कैंटीन और शौचालयों की मरम्मत के लिए अतिरिक्त धन की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि हरदासपुरा स्थित कर्मचारियों की आवासीय कालोनी और नालियों की मरम्मत के लिए तीन लाख की राशि का प्रावधान किया गया है। उपायुक्त ने सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने वालों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करने के आदेश संबंधित विभागों को जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि नो स्मोकिंग जोन के बावजूद धूम्रपान करने वालों के चालान काट कर उन्हें दंडित किया जाए। समीक्षा बैठक के दौरान गौसदन, आधार कार्ड, समेत जिला में रिक्त पडे़ अधिकारियों के पदों पर भी मंथन किया गया।






source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/chamba-news/%e0%a4%9a%e0%a4%82%e0%a4%ac%e0%a4%be-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%8f%e0%a4%95-%e0%a4%95%e0%a4%b0%e0%a5%8b%e0%a4%a1%e0%a4%bc-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a4%be%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%95%e0%a4%bf/

No comments:

Post a Comment