पालमपुर — अगर आपके घर के आसपास के रिहायशी क्षेत्र में सांपों का डेरा है और यदि आप उनसे निजात चाहते हैं या आपको सांप प्रजाति के बारे में कोई जानकारी चाहिए तो बस एक फोन कीजिए। पालमपुर स्थित वैटरिनरी कालेज के पशु विज्ञानी और उनकी टीम आपको सांपों के विषय में सारी जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए तैयार हैं। वैटरिनरी कालेज शिक्षक संघ (वास्ता) ने शनिवार को वर्ल्ड वेटरिनेरियन-डे के अवसर पर प्रदेश की पहली ‘स्नेक हेल्पलाइन’ लांच की है। 14वें वर्ल्ड वेटरिनेरियन-डे के अवसर पर वास्ता ने पहले चरण में पालमपुर क्षेत्र की जनता के लिए घर में घुस आए सांप को निकालने में मदद करने और सांप प्रजाति की जानकारी देने के संबंध में फोन सुविधा शुरू की है। दूरभाष नंबर 9882602677 पर कॉल करके लोग इसके बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं। रिहायशी इलाकों में सांप होने की इस नंबर पर सूचना देने पर लोगों को उचित सहायता मुहैया करवाई जाएगी और इस हेल्पलाइन का जिम्मा ब्लू क्रास सोसायटी संभालेगी। जानकारी के अनुसार अभी प्रशिक्षित लोगों की कमी के कारण पहले पालमपुर में ही यह सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके तहत यदि किसी के घर में सांप घुस जाता है तो हेल्पलाइन पर फोन करके जानकारी दी जा सकती है। इस समय वैटरिनरी कालेज द्वारा बनाई गई टीम में सांप पकड़ने में माहिर दो युवा शामिल हैं, जो लोगों के घर में घुसे सांप से छुटकारा दिलवाने में मदद करेंगे। सांप पकड़ने का विशेष कोर्स करके आए ये प्रशिक्षित युवा पीयूष शास्त्री और नितिन चाणना अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। पालमपुर स्थित वैटरिनरी कालेज शिक्षक संघ वास्ता के अध्यक्ष डा. आदर्श कुमार बताते हैं कि यह हैल्पलाइन लोगों को विषैले व विष रहित सांपों के बारे में जागरूकता फैलाने के साथ किसी आपातकालीन स्थिति से राहत दिलवाने का भी प्रयास करेगी।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-latest-news/%e0%a4%b8%e0%a4%be%e0%a4%82%e0%a4%aa-%e0%a4%b8%e0%a5%87-%e0%a4%a8%e0%a4%bf%e0%a4%9c%e0%a4%be%e0%a4%a4-%e0%a4%9a%e0%a4%be%e0%a4%b9%e0%a4%bf%e0%a4%8f-%e0%a4%a4%e0%a5%8b-%e0%a4%95%e0%a4%b0%e0%a5%87/
No comments:
Post a Comment