Show your support

Tuesday, April 2, 2013

सात को 5461 गटकेंगे जिंदगी

चंबा — जनजातीय उपमंडल पांगी व भरमौर में सात अप्रैल के पल्स पोलियो अभियान के दौरान कुल 5461 नौनिहाल दो बूंद जिंदगी की गटकेंगे। पांगी में पल्स पोलियो अभियान के पहले चरण में 1708 और भरमौर में दूसरे चरण में 3753 नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। जनजातीय उपमंडलों में पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन की विभागीय स्तर पर तैयारियां मकम्मल कर ली गई है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. वाईडी शर्मा ने खबर की पुष्टि की है। उल्लेखनीय है कि सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण पांगी में पल्स पोलियो अभियान को रोकना पड़ा था, जबकि भरमौर में अभियान का एक ही चरण संपन्न हो पाया था। मौसम खुलते ही स्वास्थ्य विभाग ने इन उपमंडलों में पल्स पोलियो अभियान संपन्न करवाने का रिवाइज्ड शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके तहत पांगी में अभियान का पहला चरण सात अप्रैल व दूसरा चरण पांच मई और भरमौर में सात अप्रैल को दूसरा चरण पूरा किया जाएगा। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. वाईडी शर्मा ने बताया कि पांगी में पल्स पोलियो अभियान के पहले चरण में 33 बूथों के माध्यम से 1708 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। पांगी में अभियान की सफलता का दामोदार 139 कर्मचारियों के कंधे पर रहेगा। भरमौर में अभियान के दूसरे चरण में 61 बूथों के जरिए 3753 बच्चों को दवाई पिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि भरमौर में पल्स पोलियो अभियान के दूसरे चरण में 256 कर्मचारियों का सहयोग लिया जा रहा है। डा. शर्मा ने बताया कि पांगी व भरमौर में पल्स पोलियो अभियान की तिथियों को लेकर खासा प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। अभियान में विभागीय कर्मचारियों के अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग भी लाजिमी बनाया गया है।






source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/chamba-news/%e0%a4%b8%e0%a4%be%e0%a4%a4-%e0%a4%95%e0%a5%8b-5461-%e0%a4%97%e0%a4%9f%e0%a4%95%e0%a5%87%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%87-%e0%a4%9c%e0%a4%bf%e0%a4%82%e0%a4%a6%e0%a4%97%e0%a5%80/

No comments:

Post a Comment