नाहन — डा. यशवंत सिंह परमार कृषि एवं बागबानी विश्वविद्यालय नौणी में संपन्न हुई दो दिवसीय मास्टर एथलेटिक्स राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला सिरमौर के वरिष्ठ खिलाडि़यों ने अपनी प्रतिभा के जबरदस्त झंडे गाड़े हैं। जिला सिरमौर के सीनियर खिलाडि़यों ने इस प्रतियोगिता में 31 मेडल झटके। इनमें 12 गोल्ड मेडल, 13 सिल्वर तथा छह ब्रांच मेडल सिरमौर के खाते में आए। दो दिवसीय इस राज्य स्तरीय मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिला सिरमौर से वयोवृद्ध 70 वर्षीय एथलीट शेख इम्तियाज अहमद भाईजान ने चार स्वर्ण पदक तथा एक सिल्वर मेडल प्राप्त कर जहां सिरमौर का नाम रोशन किया, वहीं महिला वर्ग में सीमा परमार ने 40 से 45 वर्ष आयु वर्ग में तीन गोल्ड मेडल तथा दो सिल्वर मेडल हासिल कर सिरमौर का नाम रोशन किया। दो सगी बहनों सीमा परमार व कल्पना परमार की जुगलबंदी ने सिरमौर की झोली में कुल 31 पदकों में से दस पदक डाले। कल्पना परमार ने चार रजत पदक व एक कांस्य पदक झटका। जिला सिरमौर के संजीव गौतम ने एक स्वर्ण, दो रजत व एक कांस्य पदक प्राप्त किया। निर्मल ठाकुर ने एक स्वर्ण, तीन कांस्य पदक, जबकि कंवर महेंद्र सिंह ने एक स्वर्ण व एक रजत, संजय चौहान ने एक स्वर्ण, एक रजत, रणजोत सिंह ने एक स्वर्ण, एक कांस्य, चंद्रमोहन शर्मा व मनीराम ने एक-एक सिल्वर मेडल हासिल कर सिरमौर की झोली में पदकों की संख्या 31 तक पहुंचाई। जिला सिरमौर के वरिष्ठ मास्टर एथलीट ने इस प्रतियोगिता में जमकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए सिरमौर का नाम इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ऊंचा किया। गौर हो कि दो दिवसीय यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता नौणी में रविवार देर शाम संपन्न हुई, जिसमें सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स ने विजेता खिलाडि़यों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। सिरमौर के वरिष्ठ खिलाडि़यों के इस प्रदर्शन से जिला सिरमौर में खुशी की लहर है।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/paonta-sahib-sirmaur-news/%e0%a4%b8%e0%a4%bf%e0%a4%b0%e0%a4%ae%e0%a5%8c%e0%a4%b0-%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%b8%e0%a5%8b%e0%a4%b2%e0%a4%a8-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%9d%e0%a4%9f%e0%a4%95%e0%a5%87-31-%e0%a4%aa%e0%a4%a6/
No comments:
Post a Comment