Show your support

Monday, April 1, 2013

कुल्लू का मटर 28 रुपए पार


भुंतर — अपने स्वाद के कारण लोकप्रियता हासिल कर चुके देवभूमि कुल्लू में पैदा किए जाने वाले मटर के दाम हौले-हौले बढ़ने लगे है। कुल्लू जिला के निचले इलाकों से तैयार होकर सब्जी मंडियों में दस्तक दे चुके इस मटर के दाम 28 रुपए प्रति किलो के पार हो गए है। पिछले एक सप्ताह में मटर के दाम में यह पांच रुपए की बढ़ोतरी हुई है। जिला में मटर का सीजन भी अब धीरे-धीरे गति पकड़ने लगा है। अप्रैल माह के आगमन के साथ ही नीचले इलाकों के साथ मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों से भी जल्द ही इसकी खेप आने की तैयारी में है तो मटर की खरीददारी के लिए बाहरी व्यापारियों ने भी जिला में दस्तक देनी आरंभ कर दी है। जिला की भुंतर सब्जी मंडी में मटर के अधिकतम दाम किसानों को 28 रुपए प्राप्त हुए। दाम बढ़ने से मटर उत्पादकों के चेहरों में भी रौनक दिखने लगी है। भुंतर सब्जी मंडी में मटर सीजन का आगाज जीया के मटर से इस बार हुआ तो इसके बाद अब बजौरा, रूआड़ू के बाद मंडी जिला के बालीचौकी का मटर भी यहां पर पहुंचने लगा है। सीजन के आगे बढ़ने के साथ ही यहां पर हररोज आने वाले मटर की मात्रा भी पचास च्ंिटल के पार होने लगी है। भुंतर सब्जी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुल्लू के मटर की मांग ज्यादा है और इसी के चलते इसे अच्छे दाम मिल रहे है। हालांकि यहां पर चेलचौक से भी सप्लाई पहुंच रही है लेकिन इस मटर को जिला में 25 रुपए से ऊपर के दाम नहीं मिल पा रहे हैं। आने वाले दिनों में यहां पर मटर की आमद और ज्यादा बढ़ने वाली है। इस बार घाटी में मटर के कम उत्पादन की बात कही जा रही है और एैसा हुआ तो दामों में और ज्यादा इजाफा हो सकता है। कम उत्पादन का कारण कुछ किसान देरी से फसल की बीजाई और प्रतिकूल मोसम को बता रहे है तो कुछ के अनुसार बीज में खराबी भी इसका कारण है। जिला में उत्पादन करीब 16 हजार मीट्रिक टन मटर का रहता है , लेकिन अबकी बार इस आंकड़े को छूना मुश्किल लग रहा है। मटर उत्पादकों का कहना है कि दाम भी अगर अच्छे नहीं मिलते तो उन्हे नुकसान हो सकता है। उधर भुंतर सब्जी मंडी के व्यापारियों प्रेम कुमार, सोहन लाल आदि के अनुसार अब मटर की आमद में बढ़ोतरी होने लगी है तो दाम भी गत एक सप्ताह में पांच रुपए तक ज्यादा हुए है।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/kullu-manali-news/%e0%a4%95%e0%a5%81%e0%a4%b2%e0%a5%8d%e0%a4%b2%e0%a5%82-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%ae%e0%a4%9f%e0%a4%b0-28-%e0%a4%b0%e0%a5%81%e0%a4%aa%e0%a4%8f-%e0%a4%aa%e0%a4%be%e0%a4%b0/

No comments:

Post a Comment