Show your support

Sunday, January 19, 2020

बिंदल की ताजपोशी…कड़ाके की ठंड में भाजपा ‘प्रचंड’

चीफ व्हिप नरेंद्र बरागटा की नाटी पर झूमे कार्यकर्ता, महासू भाजपा अध्यक्ष अजय श्याम भी नाचे

शिमला – एक डिग्री का न्यूनतम तापमान और कड़ाके की ठंड में भाजपा पूरी तरह से प्रचंड हुई। शनिवार का दिन और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पद पर डा. राजीव बिंदल की होनी थी ताजपोशी। सुबह से ही राज्य अतिथि गृह यानी होटल पीटरहाफ में भाजपा कार्यकर्ताओं की चहल कदमी बढ़ती गई। हर तरफ डा. राजीव बिंदल के नारे लग रहे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं को शिमला की ठंड का एहसास नहीं हो रहा था। जोश इतना था कि ऐसी ठंड में भी राजनीतिक गरमाहट आ गई। यहां तक कि भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर ने भी कह दिया कि शिमला की इस ठंड का एहसास किसी ने नहीं किया। डा. राजीव बिंदल की ताजपोशी से पहले पीटरहाफ के मैदान में जिला शिमला से आए कार्यकर्ताओं ने जमकर नाटी डाली। पहाड़ी वाद्य यंत्रों की धुन और नाटी का दौर जैसे ही शुरू हुआ, हर कोई थिरकने के लिए मजबूर हुआ। प्रदेश सरकार के चीफ व्हिप एवं पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा की नाटी ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। जुब्बल-कोटखाई से पहुंचे सैकडों कार्यकर्ताओं के साथ नरेंद्र बरागटा उस समय तक नहीं थे, जब तक केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक नहीं पहुंचे। महासू जिला भाजपा अध्यक्ष अजय श्याम भी कार्यकर्ताओं के साथ थिरकते नजर आए। ठियोग, जुब्बल-कोटखाई, रोहड़ू और रामपुर से पहुुंचे सैकडों कार्यकर्ताओं की नाटी ने जोश भरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जिला शिमला भाजपा अध्यक्ष रवि मेहता ने सभागार में गीत गाकर कार्यकर्ताओं  में देशभक्ति और संगठन के प्रति जागरूक करवाया। जिला शिमला के आठ विधानसभा क्षेत्रों से आए कार्यकर्ता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल की ताजपोशी से काफी उत्साहित हुए। पीटरहाफ के दरबार हाल में आयोजित समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डा. राजीव बिंदल की ताजपोशी पर केंद्रीय नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का भी आभार व्यक्त किया।

हर कोई फूल मालाएं लेकर पहुंचा

प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल की ताजपोशी के लिए यहां पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं के हाथों में फूल मालाएं देखी गईं। हर कोई डा. राजीव बिंदल को सम्मानित करने के लिए काफी उत्साहित दिखे। यहां पहुंचे केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री एवं चुनाव पर्यवेक्षक रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, भाजपा राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर सहित प्रदेश के अन्य नेताओं का स्वागत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल का नाम  कुछ दिन पहले तक प्रदेश अध्यक्ष की सूची में शामिल था, लेकिन शनिवार को डा. राजीव बिंदल की ताजपोशी के दौरान वह पूरी व्यवस्था का संचालन करते दिखे। हालांकि मंच का संचालन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल कर रहे थे, लेकिन मंत्री, विधायक, सांसद सहित अन्य नेताओं के बैठने की व्यवस्था पर त्रिलोक जम्वाल की ही निगाहें दौड़ रही थीं। गौरतलब है कि त्रिलोक जम्वाल, डा. राजीव भारद्वाज, रणधीर शर्मा, राम सिंह और कृपाल परमार भी अध्यक्ष पद की दौड़ में थे।

भगवा रंग में रंग गया सरकारी सर्किट हाउस

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी के लिए चौड़ा मैदान एरिया भाजपा के झंडे से लिपटा हुआ था। यहां तक कि सरकार का सर्किट हाउस भी पूरी तरह से भगवा रंग में रंग गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पीटरहाफ में कार्यक्रम का सफल आयोजन करने के लिए डा. राजीव बिंदल स्वयं भी बीते शुक्रवार से ही निगरानी कर रहे थे। खराब मौसम और प्रचंड ठंड के बावजूद जिला सोलन और सिरमौर से हजारों कार्यकर्ताओं की जुबान पर सिर्फ तो सिर्फ राजीव बिंदल-राजीव बिंदल ही था। निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की उपलब्धियों की भी सराहना हुई।

The post बिंदल की ताजपोशी…कड़ाके की ठंड में भाजपा ‘प्रचंड’ appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.

No comments:

Post a Comment