Show your support

Sunday, January 19, 2020

सुन्नी में नवाजे होनहार

आर्दश स्कूल के वार्षिक पारितोषिक समारोह में चला सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर

सुन्नी – राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुन्नी में शनिवार को आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। स्कूल के छात्र-छात्राओं ने वार्षिक उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न कुरीतियों पर रचित नाटकों एवं भाषणों से मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञानवर्धक संदेश भी प्रदान किया। आयोजकों द्वारा समारोह में शैक्षणिक सत्र 2018-19 में शैक्षणिक, खेलकूद, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जहां विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया, वहीं समारोह में उपस्थित मेहमानों को भी स्मृति चिन्हों एवं अन्य भेंट देकर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने पहाड़ी, फिल्मी, पंजाबी, हरयाणवी गीतों एवं नृत्य की एक से बढ़कर एक प्रस्तुति से हजारों दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत लोक नृत्य, समूहगान, भांगड़ा, हरियाणवी गीत, वाद्य यंत्रों द्वारा विभिन्न पहाड़ी गानों की धुनें, योग प्रस्तुतियां बेहद शानदार रहीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां अध्यापकों के अलावा नृत्य अकादमी सुन्नी के संचालक कुशल द्वारा कराई गई थीं। समारोह में लुहरी जल विद्युत परियोजना के उपप्रबंधक मितेश यादव बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के बच्चों की प्रतिभा की खूब सराहना करते हुए विद्यार्थियों को महत्त्वपूर्ण टिप्स भी दिए। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता दीवान चंद, उपाध्यक्ष नप सुन्नी राजेंद्र गुप्ता, नामित पार्षद जितेंद्र, धनंजय, तेजराम, मुश्ताक कुरैशी, आर सी गुप्ता, प्रधानाचार्य सुन्नी ललित शर्मा, मंच संचालक दिलाराम, बसंतपुर, तत्तापानी, चनावग, दाड़गी के प्रधानाचार्यों के अलावा नेहरा, शाकरा के अध्यापकगण एवं सुन्नी स्कूल के अभिभावक एवं अध्यापक मौजूद रहे। समारोह में वर्तिका को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ छात्रा एवं ललित को सर्वश्रेष्ठ छात्र के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा भूपेश भंडारी, सुरभि, संतोषी, प्रशांत, कुनिका को सामाजिक गतिविधियों में अव्वल रहने के लिए पुरस्कृत किया गया। खेलों में शिवांश रॉय को हॉकी में राष्ट्रीय स्तर पर अंडर14 आयु में प्रतिनिधित्व करने के साथ अन्य खंड, जिला एवं राज्य स्तर पर दर्जनों खिलाडि़यों को पुरस्कृत किया गया।  शैक्षणिक गतिविधियों में नीलकमल, हितेश, वर्तिका के साथ ही तीन दर्जन मेधावियों को मुख्यातिथि के हाथों सम्मान मिला। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन सुन्नी यूनिट के प्रधान मुश्ताक कुरैशी ने इस मौके पर स्कूली गतिविधियों के लिए 1100 रुपए की राशि प्रदान की। स्कूल प्रबंधन ने उन्हें मफलर और एक पौधा देकर सम्मानित किया।

The post सुन्नी में नवाजे होनहार appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.

No comments:

Post a Comment