Show your support

Friday, December 6, 2019

मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने हमीरपुर को दी करोड़ों की सौगातें

मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय, हमीरपुर को 10 करोड़ रुपये का आवर्ती अनुदान प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर के नए ब्लाॅक के निर्माण का कार्य आगामी छः महीनों में पूरा किया जाएगा और यहां विद्यार्थियों को श्रेष्ठ शैक्षणिक अधोसंरचना उपलब्ध करवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री आज हमीरपुर में तकनीकी विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन करने के उपरान्त संबोधित कर रहे थे। यह भवन 66.61 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। उन्होंने इस अवसर पर विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए केफेटेरिया, शाॅपिंग परिसर और ओपन एयर थियेटर की आधारशिलाएं भी रखीं। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलगीत, वार्षिक रिपोर्ट, पत्रिका, विद्यार्थियों के लिए टैक ऐप, शोध पत्रिका और ई-लाईब्रेरी का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार की कार्य प्रणाली के विपरीत वर्तमान सरकार सभी विकास परियोजनाओं के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान सुनिश्चित बना रही है ताकि इन परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा किया जा सके। पूर्व सरकार ने विकास के कई आसमानी दावे किए, लेकिन धरातल पर कुछ भी नहीं हुआ, जबकि वर्तमान सरकार ईमानदारी से कार्य करने और व्यावहारिक उपलब्धियां हासिल करने में विश्वास रखती है। मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश को उदार आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। केंद्र ने प्रदेश के लिए 10 हजार 500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की हैं, जिनसे राज्य विकास पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने राज्य पर 46 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक ऋण का बोझ छोड़ा था, लेकिन अपने कुशल वित्तीय प्रबन्धन के कारण वर्तमान सरकार राज्य की खराब आर्थिकी को पटरी पर लाने में सफल हुई है।
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी कहा कि सरकार ने सत्ता संभालने के कुछ समय बाद ही जन समस्याओं के शीघ्र समाधान के उद्देश्य से जन मंच की पहल की। इसके कारण अभी तक लाखों लोगों की समस्याओं का समाधान हुआ है। अब सरकार ने इस दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाईन आरम्भ की है, जिससे लोग अपने घरों से ही अपनी समस्याओं का हल करवा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने लम्बलू में उप-तहसील खोलने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र के हजारों लोग लाभान्वित होंगे।
केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री अनुराग ठाकुर जी ने इस अवसर पर अपने सम्बोधन में कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने विकास के मामले में हमीरपुर जिला की पूरी तरह अनदेखी की। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जिला विकास को गति मिली है और यह तेजी से प्रगति एवं खुशहाली की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्हांेने कहा कि तकनीक शिक्षा युवाओं के कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं, जिससे उन्हें रोजगार व स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार युवाओं के कौशल उन्नयन के लिए प्रतिबद्ध है। इसके अतिरिक्त युवाओं को अपने स्टार्ट अप आरम्भ करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीकी विश्वविद्यालय में नवाचार इंक्यूबेशन केन्द्र में स्थापित किए जाएंगे ताकि युवाओं को अपने स्टार्ट अप शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। 
विधायक श्री नरेन्द्र ठाकुर जी ने आज हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान 135 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.पी. बंसल ने मुख्यमंत्री व केन्द्रीय राज्य मंत्री का स्वागत किया। विधायक श्रीमती कमलेश कुमारी, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष श्री विजय अग्निहोत्री, कौशल विकास निगम के समन्वयक श्री नवीन शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री बलदेव शर्मा और स्थानीय पंचायत की प्रधान श्रीमती ऊषा देवी भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री ने लम्बलू व खांगल विद्युत केंद्रों की आधारशिलाएं रखीं
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने इससे पूर्व नेता जी सुभाष चन्द्र बोस स्नातकोत्तर महाविद्यालय हमीरपुर में 7.74 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इन्डोर स्टेडियम का शुभारम्भ किया। उन्होंने 5.15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ईवीएम गोदाम का शिलान्यास किया, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की निरीक्षण कुटीर और कमांडेंट गृह रक्षा के कार्यालय भवन का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने 38.31 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाली गसोता जलापूर्ति योजना तथा लम्बलू व खांगल में क्रमशः 5.50 करोड़ रुपये व 8.11 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के 33ध्11 केवी उप-केन्द्रों की आधारशिलाएं रखीं। इन उप-केन्द्रों से 22 पंचायतों के 81 गांवों की 70 हजार से अधिक आबादी लाभान्वित होगी। मुख्यमंत्री ने इसके उपरांत जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय का शिलान्यास किया, जिसे 2.24 करोड़ रुपये खर्च कर तैयार किया जाएगा।




courtesy: CMO Himachal Pradesh

No comments:

Post a Comment