चौपाल – आजादी के सात दशक बीत जाने के बाद भी चौपाल क्षेत्र की जनता बिजली, पानी, स्वास्थ्य व शिक्षा जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। बताते चलें कि संपूर्ण चौपाल क्षेत्र में स्वास्थ्य व शिक्षण संस्थानों में दर्जनों पद रिक्त पड़े हैं। क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में शिक्षकों के पद रिक्त होने से जहां छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं लगातार गिरती स्वास्थ्य व्यवस्था क्षेत्र की जनता के लिए चिंता का विषय बन चुकी है। दशकों से चली आ रही स्वास्थ्य समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही। प्रदेश में सरकार जिस मर्जी दल की रही हो किसी ने भी दूरदराज व पिछड़े क्षेत्र चौपाल में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की ओर ध्यान नहीं दिया। चौपाल की पड़ोसी तहसील रोहड़ू, रामपुर व ठियोग में विशेषज्ञ चिकित्सों सहित डाक्टरों के दर्जनों पद स्वीकृत है। ठियोग में 14, रोहड़ू में 30 व रामपुर में 32 पद स्वीकृत हैं। इसके विपरीत चौपाल, नेरवा व कुपवी अस्पताल में डाक्टरों के स्वीकृत पद पांच और छह है। कहीं पर भी विशेषज्ञ चिकित्सक नही है। इतना ही नही उपमंडल के अस्पतालों में रिक्त पड़े पद चौपाल में किए जा रहे विकास की पोल खोल रहे हैं। जानकारी के अनुसार सिविल अस्पताल चौपाल व सिविल अस्पताल नेरवा में स्टाफ के अभाव में सभी को काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। चौपाल अस्पताल में स्टाफ नर्सों के दस पदों सहित फार्मासिस्ट का एक पद रिक्त पड़ा है। चौपाल क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं है। दूरदराज से आने वाले मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए सौ किलोमीटर दूर शिमला जाना पड़ता है। दूसरी ओर बिजली विभाग में भी अधिशाषी अभियंता सहित दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों के पद रिक्त पड़े हैं, जिसके कारण बिजली की हालत बदतर हो गई है। क्षेत्र के लोगों ने विधायक चौपाल बलवीर वर्मा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उपमंडल की जनता समस्याओं से जुझ रही है, लेकिन विधायक इस से बेखबर अपने आकाओं के साथ नाटी लगाने व नाचने में व्यस्त है। नगर पंचायत चौपाल के अध्यक्ष चंद्र मोहन, क्षेत्र के वरिष्ठ अधिवक्ता व पूर्व बीडीसी चेयरमैन देवेंद्र शर्मा, वरिष्ठ नागरिक रविंद्र चंदेल सहित क्षेत्र के लोगों ने रिक्त पड़े पदों को जल्द भरने की सरकार से मांग की है।
The post सरकार! चौपाल के स्कूलों में चाहिएं शिक्षक appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
No comments:
Post a Comment