Show your support

Wednesday, December 18, 2019

अमरीकी पौधे लाने को विश्व बैंक की मंजूरी

हिमाचल लाएगा सेब के बूटों की खेप, कृषि मंत्रालय को भेजा मामला

शिमला – अमरीका से हिमाचल के लिए सेब पौधों की खेप लाने को विश्व बैंक ने अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है। जब तक विश्व बैंक की मंजूरी नहीं मिलती, तब तक मामला लटका हुआ था। अब केवल कृषि मंत्रालय की एक्सिन कमेटी की इजाजत मिलनी शेष रह गई है, जिसकी बैठक 21 दिसंबर के बाद होने जा रही है। सूत्रों के अनुसार हिमाचल प्रदेश ने बागबानी विकास परियोजना के तहत विश्व बैंक से आग्रह किया था कि वह इटली की बजाय अब अमरीका से सेब के पौधे लाएगा। इसके लिए कुछ कारण विश्व बैंक को बताए गए थे, जिन पर विश्व बैंक ने भी अपनी सहमति जता दी है। प्रदेश सरकार ने बताया था कि इटली के पौधों की यहां पर कितनी सरवाइवल है और क्या नुकसान पिछली दफा प्रदेश को उठाया पड़ा है। हाल ही में प्रदेश के पांच विशेषज्ञों की टीम ने अमरीका जाकर, वहां के सेब पौधों की पड़ताल की है। उन्होंने आकर अपनी रिपोर्ट दे दी है, जिसके बाद विश्व बैंक से भी मंजूरी मिल गई। अब यह तय हो गया है कि हिमाचल में अब भविष्य में बागबानी विकास परियोजना के तहत अमरीका से ही सेब के पौधे आएंगे। प्रदेश के बागबानों को अब अमरीकी पौधे मिलेंगे और यहां के बागीचों में वहां का सेब लहलहाएगा। सूत्रों के अनुसार कृषि मंत्रालय की एक्सिन कमेटी की बैठक में यह देखा जाएगा कि हिमाचल में इन पौधों को लगाने के लिए किस तरह की नर्सरी है, क्योंकि पौधे लाकर यहां पर नर्सरी में लगाए जाएंगे और इनको विकसित करने के बाद आगे बागबानों को दिया जाएगा। कृषि मंत्रालय यह देखेगा कि नर्सरियों की स्थिति क्या है और कितनी नर्सरियां यहां पर मौजूद हैं। इसके आधार पर ही वहां से मंजूरी दी जाएगी। इसका खाका भी प्रदेश के बागबानी विभाग ने  तैयार कर दिया है। यहां से अधिकारी कृषि मंत्रालय को इस संबंध में फीडबैक देंगे और तब बैठक में इस पर चर्चा होगी। यहां से इजाजत मिलने पर यह देखेगा जाएगा कि कितने पौधे पहली खेप में अमरीका से मंगवाए जाएंगे। अभी तक यह तय नहीं है कि कितने पौधे अभी लाए जाने हैं।

पहले इटली से मंगवाते थे

पहले इटली से पौधे लाए जाते थे, जिनको लेकर कई तरह के सवाल यहां पर खड़े हैं। इस पूरे प्रोजेक्ट पर ही वर्तमान सरकार ने सवाल उठाए खासकर बागबानी मंत्री इसके विरोध में रहे। अब पौधों की खेप अमरीका से मंगवाने के लिए विश्व बैंक की मंजूरी से राह आसान हो गई है। अभी इटली के पौधों की सरवाइवल रेट को जांचने का काम चल रहा है।

The post अमरीकी पौधे लाने को विश्व बैंक की मंजूरी appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal

No comments:

Post a Comment