Show your support

Wednesday, December 18, 2019

हिमकेयर से कांगड़ा का निजी अस्पताल बाहर

पंजीकृत मरीज से इलाज के पैसे लेने पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, तीन साल नहीं मिलेंगी सुविधाएं

धर्मशाला – हिमकेयर योजना में पंजीकृत मरीज के इलाज के पैसे लेने पर जिला कांगड़ा के एक निजी अस्पताल को योजना से बाहर किया गया है। वहीं, तीन वर्षों तक निजी अस्पताल को सरकार से मिलने वाली सुविधाआें से वंचित कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग को कार्डधारक द्वारा की गई शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है। सीएमओ कांगड़ा डा. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि हिमकेयर योजना में इम्पैल्ड किए गए एक निजी अस्पताल ने योजना के तहत पंजीकृत कार्डधारक से पैसे लिए थे। इसकी शिकायत मिलने पर मामले की जांच के बाद अस्पताल के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की गई है। प्रदेश सरकार की सहारा योजना में अभी तक कांगड़ा जिला में 240 मरीजों को सहायता राशि आरंभ कर दी गई है। आठ विभिन्न प्रकार की गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को यह राशि प्रदान की जा रही है, जिसमें दो हजार रुपए की सहायता राशि स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीज के खाते में दी जा रही है। इसके अलावा विभाग के पास 300 अन्य आवेदन भी इस योजना के तहत पहुंच चुके हैं। मंगलवार को धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएमओ कांगड़ा डा. गुरदर्शन गुप्ता ने कहा कि इस योजना के तहत पात्र मरीजों को आवेदन प्रपत्र आशा वर्कर के जरिए भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इसमें निर्धारित दस्तावेजों के साथ पात्र मरीज आवेदन कर सकते हैं। साथ ही मरीज का आवेदन प्रपत्र भरने पर आशा वर्कर को भी 200 रुपए प्रदान किया जा रहा है। स्वास्थ्य संस्थानों में मुख्यमंत्री निःशुल्क दवाई योजना के तहत भी मरीजों को दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इस योजना के तहत हैल्थ सब सेंटर में 43, पीएचसी में 106, सीएचसी तथा सिविल हॉस्पिटल में 216 और मेडिकल कालेज व जिला अस्पतालों में 330 प्रकार की दवाइयां निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं। अस्पतालों में 11 वर्ग के मरीजों को फ्री डायग्नोसिस की सुविधा भी प्रदान की जा रही हैं, जिसमें 56 प्रकार के विभन्न टेस्ट निःशुल्क किए जाते हैं। डा. गुप्ता ने कहा कि मंगलवार को जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक रिव्यू मीटिंग का भी आयोजन किया गया। इस दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. विक्रम कटोच, एमएस टांडा अस्पताल डा. सुरेंद्र सिंह भारद्वाज, एमएस डा. दिनेश महाजन, एमएस पालमपुर डा. विनय महाजन, जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. राजेश सूद, डा. अनुराधा व डा. राहुल भी मौजूद रहे।

जनवरी से 31 मार्च तक रिन्यू होंगे कार्ड

प्रदेश सरकार की हिमकेयर योजना के तहत पहली जनवरी, 2020 से 31 मार्च, 2020 तक नए परिवारों का पंजीकरण व पुराने कार्डों को रिन्यू किया जाएगा। अभी तक 15085 कार्डधारकों को उपचार की सुविधा मिली है, जिस पर आठ करोड़ 44 लाख 91 हजार 398 रुपए खर्च किए गए हैं। सीएमओ कांगड़ा ने कहा कि हिमकेयर योजना के तहत किसी भी भी प्रकार की समस्या कार्डधारक को आती है, तो वह कार्ड पर अंकित किए गए टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।

The post हिमकेयर से कांगड़ा का निजी अस्पताल बाहर appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal

No comments:

Post a Comment