Show your support

Monday, December 16, 2019

दुराचार के बढ़ते मामलों से देवभूमि शर्मसार

दिल्ली के निर्भया प्रकरण के बाद आज तक सात साल में अकेले ऊना में दुष्कर्म-छेड़छाड़ के 722 केस दर्ज

ऊना –हैदराबाद में वेटरिनरी डाक्टर के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म ने एक बार फिर से दिल्ली में हुए निर्भया कांड के जख्मों को हरा कर दिया है। बेशक वेटरिनरी चिकित्सक के कातिलों को उनके किए की सजा मिल गई, लेकिन निर्भया के कातिल सात साल बाद भी जिंदा है। वहीं, देवभूमि की बेटी गुडि़या के हत्यारों को आज तक सजा नहीं मिल पाई है। मानवीयता को शर्मसार करने वाली इन घटनाओं के बावजूद दुष्कर्म व युवतियों के साथ छेड़छाड़ करने के मामलों पर रोक नहीं लग पाई है। बात अगर ऊना जिला की करें तो पिछले सात वर्षों में दुष्कर्म व छेड़छाड़ के 722 मामले दर्ज हुए हैं। इनमें 51 अपराधियों को सजा भी हुई है। इनमें दुष्कर्म के 292 तथा छेड़छाड़ के 430 मामले शामिल हैं, लेकिन कुछ मामले ऐसे भी हैं, जो पुलिस तक पहुंच ही नहीं पाते हैं। दुष्कर्म के आरोपी लड़कियों को डरा-धमका कर ऐसे मामलों को दबा देते हैं। वहीं, पीडि़ता भी अपने व अपने घरवालों की मान-मर्यादा व सामाजिक कारणों से कुछ बोल नहीं पाती। इसी वर्ष जिला के स्कूलों में गुरुओं द्वारा छात्राओं के साथ हुई दुष्कर्म व छेड़छाड़ की घटनाओं ने देवभूमि को शर्मसार किया है, साथ ही गुरु-शिष्य के रिश्ते भी तार-तार हुए हैं।

क्या है निर्भया कांड

16 दिसंबर, 2012 को दक्षिणी दिल्ली में 23 वर्षीय छात्रा के साथ चलती बस में सामूहिक बालात्कार किया गया था। घटना के लगभग दो सप्ताह बाद छात्रा की सिंगापुर के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस पर देशभर में रोष व धरने-प्रदर्शन किए गए। पुलिस ने दुष्कर्म करने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से एक ने पुलिस कस्टडी में आत्महत्या कर ली, जबकि अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त में है, जिनकी फांसी की सजा पर सुनवाई 18 दिसंबर को होनी है।

वर्ष         दुष्कर्म        छेड़छाड़

2012         08             08

2013         25             34

2014         23             32

2015         18             25

2016         15             28

2017         14             38

2018         25             30

2019        18              20

 

The post दुराचार के बढ़ते मामलों से देवभूमि शर्मसार appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal

No comments:

Post a Comment