Show your support

Saturday, December 14, 2019

करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी के दो छात्रों को 12 लाख पैकेज

हमीरपुर-भोरंज उपमंडल के खरवाड़ में ग्रामीण परिवेश में स्थापित करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी न केवल शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रही है, बल्कि कैंपस प्लेसमेंट के मार्फत यहां से निकले छात्र कई बड़ी नामी कंपनियों में खुद का भविष्य संवार रहे हैं। इस कड़ी में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार को जारो एजुकेशन कंपनी ने कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया। इस प्लेसमेंट ड्राइव में विश्वविद्यालय के अतिरिक्त अन्य शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ दिल्ली, पंजाब व हरियाणा के छात्रों ने भी भाग लिया था। इस ड्राइव में लगभग 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। कैंपस प्लेसमेंट की लिखित परीक्षा के बाद 14 विद्यार्थियों को शार्ट लिस्ट किया गया। इसके बाद लिए गए पर्सनल इंटरव्यू के बाद दो छात्राओं को चयनित किया गया। दोनों छात्राएं बीसीए फाइनल ईयर की स्टूडेंट हैं। चयनित दोनों छात्राओं को कंपनी की ओर से फाइनल चयन प्रक्रिया के लिए दिल्ली बुलाया गया है। बताते हैं कि चयनित होने के बाद इन दोनों छात्राओं को सात से 12 लाख रुपए तक का वार्षिक वेतन पैकेज दिया जाएगा। करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग प्लेसमेंट ऑफिसर विनोद कुमार ने बताया कि यूनिवर्सिटी की ओर से हर माह छात्रों को रोजगार मुहैया करवाने के लिए कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा साल में एक बार रोजगार मेला भी लगाया जाता है, जिसमें देशभर से बड़ी.बड़ी नामी कंपनियां आती हैं और छात्रों के लिए रोजगार के अवसर प्रदान करती हैं। बता दें कि वर्ष 2012 से ग्रामीण परिवेश में चल रही करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी में लगभग प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से 1800 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इनमें अधिकतर संख्या छात्राओं की है। 

The post करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी के दो छात्रों को 12 लाख पैकेज appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal

No comments:

Post a Comment