बीबीएन – बद्दी में नौकरी की तलाश में आई एक महिला के साथ तीन युवकों ने दुराचार किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें बुधवार शाम कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को बद्दी में एक महिला व उसके सात वर्षीय बेटे को कोल्डड्रिंक में नशीली दवा पिलाकर बेहोश कर तीन युवकों ने महिला से दुराचार किया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पीडि़ता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 18 नवंबर को उसने अपने एक जानकार अंकित को फोन किया कि उसे बद्दी में नौकरी दिला दे, जिस पर अंकित ने कहा कि आप बद्दी आ जाओ, वह बेटे के साथ जाने लगी, तो अंकित ने फोन पर कहा कि पिंजौर आ जाओ, जिसके वहां से बद्दी के लिए निकल जाएंगे। शिकायतकर्ता महिला के मुताबिक जब वह पिंजौर से बद्दी पहुंचे, तो अंकित उसे अपने संडोली स्थित क्वार्टर ले गया, जहां राकेश और दीपू नामक दो युवक पहले से ही मौजूद थे। इस दौरान आरोपी अंकित ने उसे व उसके बेटे को कोल्डड्रिंक पिलाई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई और फिर राकेश, अंकित व मंदीप उर्फ दीपू ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीडि़ता के अनुसार इसके बाद उसे व उसके बेटे को बद्दी-पिंजौर हाई-वे पर नानकपुर के पास बेहोशी की हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। पीडि़त महिला ने पहले पिंजौर थाना में इस सबंध में शिकायत दी थी, जिसके बाद इस केस को बद्दी थाना में दर्ज किया गया।
एक ड्राइवर, दो मैकेनिक
वारदात में संलिप्त तीनों आरोपियों मनदीप उर्फ दीपू (27) निवासी होशियारपुर, राकेश कुमार (28) निवासी ऊना तथा अंकित शर्मा (30) निवासी अंब को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अंकित बद्दी में ट्रक ड्राइवर की नौकरी करता है, जबकि दो अन्य आरोपी मैकेनिक का काम करते हैं। एसपी बद्दी रोहित मालपानी ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर धारा 376 के तहत दुराचार का मुकददमा दर्ज करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपीयों को बुधवार शाम कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
The post नौकरी के लिए बेटे के साथ बद्दी आई महिला से गैंगरेप appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
No comments:
Post a Comment