शिमला -हिमाचल प्रदेश में वोकेशनल कोर्स में मनमानी का खेल चल रहा है। हैरानी है कि सरकारी स्कूलों में वोकेशनल कोर्स पढ़ाने वाले ट्रेनर्ज को ही कंपनी बाहर का रास्ता दिखा रही है। जानकारी मिली है कि एसएसए की ओर से पिछले वर्ष भी 50 ट्रेनर्ज को यह कहकर बाहर निकाला था कि अगले वर्ष उन्हें दूसरी बार स्कूलों में रखा जाएगा। हालांकि एसएसए ने कंपनियों को निर्देश भी दिए हैं कि वे पहले निकाले गए ट्रेनर्ज को मौका दें, इसके बाद दूसरे शिक्षकों की भर्तियां करें। बावजूद इसके हिमाचल में काम करने वाली वोकेशनल कंपनियां एसएसए के आदेशों को भी दरकिनार कर रही हैं। सूत्रों की मानें तो स्कूलों में कई ऐसे वोकेशनल ट्रेनर्ज की भर्तियां स्कूलों में कर दी गई हैं, जो तय शर्तों व नियमों को भी पूरा नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि वोकेशनल ट्रेनर की भर्ती विभिन्न कंपनियों के माध्यम से ही हो रही है। ऐसे में शिक्षा विभाग के कई अधिकारियों ने कंपनियों पर वोकेशनल के नाम पर हिमाचल में हेरा-फेरी करने का आरोप लगाया है। इस साल दर्जनों नई भर्तियां की गईं, लेकिन बिना विज्ञापन और बिना नियमों के ये भर्तियां हो रही हैं। एसएसए में भी इस तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं। गौर हो कि प्रदेश में मौजूदा समय में 1700 शिक्षक हैं। वहीं, लगभग एक हजार स्कूलों में वोकेशनल के तहत 11 ट्रेड छात्रों को पढ़ाए जा रहे हैं। करीब 80 हजार छात्र वोकेशनल के विभिन्न कोर्सेज पढ़ रहे हैं। अब जब वोकेशनल में छात्रों की रुचि बढ़ने लगी है, तो इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। प्रदेश में 18 से 19 निजी कंपनियों को वोकेशनल के लिए भारत सरकार बजट देती है। यह बजट कंपनियां सही रूप से खर्च कर रही हैं या नहीं, इस ओर भी सरकार का कोई ध्यान ही नहीं है।
नए स्कूलों में भी हेर-फेर
भारत सरकार ने जिन नए 80 स्कूलों में वोकेशनल कोर्स शुरू करने को कहा था, वहां पर भी बड़ा हेर-फेर होने के आरोप हैं। कहा जा रहा है कि वोकेशनल कोर्स शुरू करने के लिए नए स्कूल भी पहुंच के आधार पर एक दो कंपनियों को ही सौंपे गए हैं।
अभी तक नहीं रोजगार
हैरानी की बात है कि वोकेशनल कोर्स शुरू करने से पहले एसएसए ने दावा किया था कि छात्रों को रोजगार कंपनियों द्वारा ही दिया जाएगा, लेकिन अभी तक एक भी छात्र को जमा दो के बाद वोकेशनल कंपनियों द्वारा रोजगार नहीं दिया गया है।
The post व्यावसायिक शिक्षा में कुछ तो गड़बड़ है appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: https://www.divyahimachal.com/2019/09/%e0%a4%b5%e0%a5%8d%e0%a4%af%e0%a4%be%e0%a4%b5%e0%a4%b8%e0%a4%be%e0%a4%af%e0%a4%bf%e0%a4%95-%e0%a4%b6%e0%a4%bf%e0%a4%95%e0%a5%8d%e0%a4%b7%e0%a4%be-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%95%e0%a5%81/
No comments:
Post a Comment