ऊना —सार्वजनिक मंचों से कांग्रेस को धमकी देना मुख्यमंत्री जयराम बंद करें। मुख्यमंत्री अगर सोचते हैं कि चार्जशीट को लेकर कांग्रेस को ब्लैकमेक कर लेंगे, तो सीएम गलत मुगालते में न रहें। ये शब्द नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने ऊना में सोमवार देर सायं कहे। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि कांग्रेस न पहले कभी डरी है, न अब खौफजदा है और न ही हम जांचों से डरते हैं। विपक्ष में रहते हुए भाजपा ने जो तौर-तरीके अपनाएं थे और जिस भाषा शैली का इस्तेमाल अपनी चार्जशीट में किया था, उससे सीएम जयराम भी वाकिफ होंगे। कांग्रेस जो करेगी ठोक बजाकर करेगी, तथ्यों पर करेगी और किसी की भी हवाई धमकियों के आगे झुकेगी नहीं। लोकतंत्र में चुनाव ही किसी नेता व पार्टी की लोकप्रियता का फैसला करते हैं। ऐसे में जो लोग जीते हैं, संविधान के अनुसार सम्मान देना सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हारे-नकारे नेताओं को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कंधे पर उठाकर नाचें, हमें इससे कोई मतलब नहीं है, लेकिन यह कहना कि कुछ पदों पर मनोनीत किए गए एमएलए से ऊपर हैं, तो यह गलत होगा। उन्होंने कहा कि हरोली, रामपुर का पुल विधायक प्राथमिकता में बना है और इसे पुरी तरह से राज्य के कोष से वित्त पोषित किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पूरा पैसा प्रदेश से दिया है। इसमें केंद्र का कोई योगदान नहीं है। मुख्यमंत्री इसे केंद्र की योजना न बताएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरोली रामपुर पुल की फंडिग को चैक करें और यदि केंद्र के पैसे की कोई चिट्ठी है, तो उसे जारी करें। उन्होंने कहा कि चंद सेकेंड में कुछ लोगों को साथ लेकर मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया और इस पुल की भव्यता को देखने का साहस भी नही किया। उन्होंने कहा कि इस पुल पर विधायक को श्रेय देने से मुख्यमंत्री कतरा रहे हैं और हारे-नकारे लोगों का नाम लगा रहे हैं, जिनका कोई योगदान नहीं है। सीएम व मंत्री का नाम लग सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का यह सबसे लंबा पुल है, जिसमें 33 करोड़ का बजट भी हुआ है और उन्होंने खुद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को इस पुल के उद्घाटन का निमंत्रण दिया था। उन्होंने कहा कि पालकवाह में जिन सात ट्यूबवेलों का मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया और इस पर भी हारे व्यक्ति का नाम अंकित किया। ये योजनाएं भी विधायक प्राथमिकता की हैं और काफी पहले इसके लिए बजट भी मंजूर हो गया था। हरोली का विकास सीएम को नजर आने लगा है।
विधायकों का सम्मान नहीं
मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री न तो विपक्ष की आवाज सहन कर पा रहे हैं और न ही कांग्रेस के विधायकों को सम्मान देने की नियत रख रहे हैं। मुख्यमंत्री चाहते ही नहीं कि कांग्रेस के विधायक जनसभाओं में आएं। इसलिए सीएम विपक्षी विधायकों को सम्मान से आमंत्रित करने का प्रयास भी नही करते हैं।
क्या दो एसई पर भी करेंगे कार्रवाई
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि लोक निर्माण व आईपीएच विभाग के जिला ऊना के अधीक्षण अभियंताओं ने यदि मुख्यमंत्री कार्यालय को विकास की योजनाओं पर सही जानकारी नहीं दी है कि कौन सी योजनाएं विधायक प्राथमिकताओं की हैं, तो इसमें दोष विभाग के अधिकारियों का भी है। क्या मुख्यमंत्री विभागों के दोनों अधिकारियों पर कार्रवाई करेंगे और यदि विधायक प्राथमिकताओं पर राजनीति करनी है, तो योजना आयोग की बैठकों व विधायक प्राथमिकताओं का लाभ ही क्या है। उन्होंने कहा कि सरकार संस्थाओं व मर्यादाओं को खत्म करने का प्रयास कर रही है, जो कि सहन नहीं होगा।
The post डरने वाली नहीं कांग्रेस, मंच से धमकियां देना बंद करें सीएम appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/11/%e0%a4%a1%e0%a4%b0%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%b5%e0%a4%be%e0%a4%b2%e0%a5%80-%e0%a4%a8%e0%a4%b9%e0%a5%80%e0%a4%82-%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%b8-%e0%a4%ae/
No comments:
Post a Comment