Show your support

Monday, November 5, 2018

गगल एयरपोर्ट की रेंज में 15 टावर हटेंगे!

10 किलोमीटर के दायरे में दो मंजिला से अधिक ऊंचा भवन बनाने पर लेनी होगी एनओसी, प्रशासन को पत्र

कांगड़ा – कांगड़ा (गगल) हवाई अड्डे के आसपास के क्षेत्रों में स्थापित 15 मोबाइल टावर हटाने के लिए जिला प्रशासन को पत्र लिखा गया है। हवाई उड़ानों के लिए दुर्घटना संभावित इन टावर्ज की सूची तैयार कर हवाई अड्डा प्राधिकरण ने जिला प्रशासन को अवगत करवाया है। इतना ही नहीं गगल एयरपोर्ट के दस किलोमीटर की रेंज में दोमंजिला भवन से अधिक का निर्माण करने के लिए भी एयरपोर्ट अथॉरिटी की अनुमति लेना अनिवार्य होगा। निर्माण से पूर्व संबंधित व्यक्ति को एयरपोर्ट अथॉरिटी को पत्र लिखना होगा, जिसके बाद हवाई अड्डा प्राधिकरण की टीम मौके का  दौरा कर इसके लिए एनओसी जारी करेगी। जानकारी के अनुसार गगल एयरपोर्ट पर हवाई जहाजों के टेक ऑफ तथा लैडिंग के दौरान सुरक्षा बिंदुआें को लेकर रिपोर्ट तैयार की गई है। हवाई जहाजों को यहां उतरने तथा सुरक्षित उड़ान भरने के लिए क्षेत्र के 15 मोबाइल टावर दुर्घटना संभावित बने हुए हैं। इन दो दर्जन से अधिक टावर्ज की सूची हवाई अड्डा प्रशासन ने तैयार कर ली है। इस पर कार्रवाई के लिए गगल एयरपोर्ट अथॉरिटी ने जिला कांगड़ा प्रशासन को पत्र लिखकर इन टावर्ज की सूची भी भेजी है। गगल एयरपोर्ट के निदेशक सोनम नोरबू ने बताया कि उन्होंने 15 टावर्ज की सूची प्रशासन को मुहैया करवाई है, जिससे कि हवाई जहाज के लिए दुर्घटना संभावित इन टावर्ज को हटाया जा सके। इसके अलावा उड़ान की रेंज में आने वाले ऊंचे पेड़ों की कटाई का काम भी शुरू करवाया है। सोनम नोरबू ने बताया कि एयरपोर्ट के समीपवर्ती दस किलोमीटर की रेंज में दोमंजिला से अधिक भवन का निर्माण करने के लिए भी भवन मालिक को एयरपोर्ट अथॉरिटी से एनओसी लेना अनिवार्य होगा। हवाई अड्डे की रेंज में ऐसा कोई भवन न बने, जिससे कि जहाजों के लिए खतरा बन जाए। ऐसे भवनों के निर्माण के लिए हवाई अड्डा प्रशासन की टीम मौके का दौरा करेगी तथा सुरक्षा बिंदुआें को ध्यान में रखते हुए ही एनओसी प्रदान की जाएगी।

कचरा फेंकने वालों पर रहेगी नजर

एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में मीट तथा मुर्गे का कचरा फेंकने वालों पर भी सख्त कार्रवाई प्रशासन द्वारा की जाएगी। इस गंदगी के चलते पक्षियों की तादाद बढ़ जाती है, जो कि हवाई जहाजों के लिए खतरा बनी रहती है। पक्षियों के टकराने की कुछ घटनाएं पूर्व में सामने भी आ चुकी हैं। उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल टावर हटाने का पत्र एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से मिला है। हवाई जहाजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

The post गगल एयरपोर्ट की रेंज में 15 टावर हटेंगे! appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/11/%e0%a4%97%e0%a4%97%e0%a4%b2-%e0%a4%8f%e0%a4%af%e0%a4%b0%e0%a4%aa%e0%a5%8b%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%9f-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%82%e0%a4%9c-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-15-%e0%a4%9f/

No comments:

Post a Comment