रघुनाथ की रथयात्रा के साथ अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव शुरू

कुल्लू – देवभूमि कुल्लू में सबसे बडे़ देव समागम यानी अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव का आगाज भगवान रघुनाथ जी की अलौकिक रथयात्रा और अनूठे देव-मानस मिलन के साथ शुक्रवार को हुआ। ठीक साढ़े चार बजे रथ मैदान से रथयात्रा तब शुरू हुई, जब भेखली माता से इसे रवाना करने के लिए संकेत मिला। इस देव महाकुंभ के नजारे के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, दशहरा कमेट ी के अध्यक्ष एवं वन, परिवहन, खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर सहित देश-दुनिया के हजारों श्रद्धालु साक्षी बने। भव्य देव महाकुंभ को देखने के लिए प्रदेश की कई नामी हस्तियां भी यहां पर पहुंची। सदियों से चली आ रही रस्मों को निभाने के साथ ही इस देव महाकुंभ का आगाज हुआ। हजारों की संख्या में लोगों ने अधिष्ठाता देव भगवान रघुनाथ के रथ को खींचकर पुण्य भी कमाया। इतना ही नहीं, विदेशी सैलानी भी इस अद्भुत व अलौकिक नजारे को अपने कैमरे में कैद करने के लिए उत्साहित नजर आए। ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ ढालपुर गूंज उठा। भगवान रघुनाथ के साथ देवी-देवताओं की शक्तियां वाद्य यंत्रों की धुनों के साथ चारों तरफ फैलीं तो हजारों की संख्या में आए श्रद्धालुओं ने अपने आप में यह महसूस किया कि सचमुच उन्हें प्रगट रूप में आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। प्राचीन वाद्य यंत्रों ढोल, नगाड़ों, नरसिंगों, करनाल, भाणा, घंटी, कणसी की देव स्वरलहरियों पर ढालपुर में हुए भव्य देव मिलन ने हजारों लोगों को स्वर्गलोक जैसी अनुभूति करा दी। हजारों लोगों ने अपने-अपने ईष्ट देवी-देवताओं के आगे सिर झुकाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। आस्था के इस सैलाब में हर कोई राम रंग में ही रंगा हुआ नजर आया। अपनी ही धुन में नाचते देवलुओं ने रघुनाथ की भव्य रथयात्रा में आए हुए देवलुओं में भी जोश भर दिया। भगवान राघव की विस्मृत कर देने वाली इस भव्य रथयात्रा में देवी हिडिंबा, बिजली महादेव, ज्वाणी महादेव, देवता नाग धूमल समेत अट्ठारह करड़ू देवताओं ने भाग लेते हुए धरा पर हुए इस सबसे बड़े देव समागम में चार चांद लगा दिए। दूसरी ओर पिछले कई सालों से चले आ रहे धुर विवाद को इस बार भी टालने के लिए देवता शृंगा ऋषि और देवता बालू नाग के साथ पुलिस प्रशासन का पहरा रहा। ये दोनों ही देवता भगवान रघुनाथ की रथयात्रा का हिस्सा नहीं बन पाए। भगवान रघुनाथ की इस अद्भुत, अलौकिक, अद्वितीय रथयात्रा में घाटी के काफी संख्या में देवी-देवताओं ने हिस्सा लेकर रथयात्रा की शोभा को बढ़ा दिया। रथयात्रा में पुलिस प्रशासन का रक्षा घेरा भी काफी मजबूत रहा। रथ मैदान दोपहर बाद भी एक छावनी जैसा रहा, लेकिन आस्था का सैलाब सुरक्षा घेरे पर भारी पड़ता हुए दिखाई दिया। माता भुवनेश्वरी का संकेत मिलते ही दोपहर बाद रथ यात्रा शुरू हुई।

The post रघुनाथ की रथयात्रा के साथ अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव शुरू appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%b0%e0%a4%98%e0%a5%81%e0%a4%a8%e0%a4%be%e0%a4%a5-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%b0%e0%a4%a5%e0%a4%af%e0%a4%be%e0%a4%a4%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%be-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%b8%e0%a4%be%e0%a4%a5/

Post a Comment